ठाणे के मुंब्रा में यूट्यूबर नदीम खान के घर पर फायरिंग, पुलिस पर भी चली गोलियां, एक आरोपी गिरफ्तार

Mumbra Firing Case: ठाणे के मुंब्रा इलाके में यूट्यूबर और बिल्डर नदीम खान के घर के बाहर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस के पहुंचने पर हमलावरों ने पुलिस टीम पर भी गोलियां चलाईं।
Youtuber Nadeem Khan
यूट्यूबर नदीम खान (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Attack On Youtuber Nadeem Khan: ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र अंतर्गत मुंब्रा के कौसा स्थित अरमान कॉ। हौ। सोसायटी में शनिवार को तड़के बिल्डर और यूट्यूबर नदीम खान उर्फ बाबा खान के घर और गाड़ी पर अपराधियों ने फायरिंग की।

इस घटना के बाद फायरिंग करने वालों ने उनका पीछा कर रही पुलिस टीम पर भी 2 रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग की। इस फायरिंग में दो स्थानीय नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच पुलिस जवान अपनी जान की परवाह किए फिल्मी स्टाइल में एक अपराधी को धर दबोचा जबकि उसका साथी फरार हो गया। जिसकी तलाश मुंब्रा पुलिस सरगर्मी से कर रही है।

हमलावरों ने 2 गोली खान की कार पर और 1 हवा में चलाई

गिरफ्तार हमलाबर का नाम शहाबाद उर्फ शब्बू मुन्ना शमशाद कुरैशी बताया गया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले कुरैशी के खिलाफ दिल्ली में कई मामले दर्ज हैं। हाल ही में वह तिहाड़ जेल से रिहा हुआ है। किसी भी अनहोनी को टालने को लेकर मुंब्रा इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शनिवार को तड़के करीब 4.50 बजे कौसा में अरमान को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले नदीम के घर के बाहर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। हमलावरों ने कुल 3 गोलियां चलाई।

2 खान की कार पर और एक हवा में

घटना की खबर मिलते ही मुंब्रा पुलिस स्टेशन के बीट मार्शल घटना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने इसकी जानकारी सहायक पुलिस निरीक्षक तेजस सावंत को दी। सावंत और सोनवणे की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई, जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हमलावर अचार गली में एक कबाड़खाने में छिपा है। जब पुलिस ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा, तो उसने दोनों हाथों में पिस्टल ली और फिल्मी अंदाज में पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

घायलों को एक प्राइवेट हॉस्पिटल में कराया गया भर्ती, उपचार जारी

स्थानीय लोगों को गोली लगाने की डर से पुलिस ने फायरिंग नहीं की। लेकिन हमलावर ने भी भीड़ की तरफ फायरिंग की। गोली एक स्थानीय नागरिक के पेट में और दूसरे के हाथ में गोली लगी जिससे वे घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, घायलों का नाम रहीम रियाज सय्यद एवं फारुख अब्दुल अहमद शेख बताया गया। दोनों का उपचार जारी है। हमलावरों की तरफ से की जा रही फायरिंग बीच सहायक पुलिस निरीक्षक सावंत की टीम के कांस्टेबल तड़वी व महाडिक ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक हमलावर को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया।

जेल से छूटने के बाद शहाबाद आया था मुंब्रा

मुद्रा पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल शिंदे ने बताया कि गिरफ्तार शहाबाद उर्फ शब्बू मुन्ना शमशाद कुरैशी शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ तीन हत्या के अलावा मारपीट के 10 से अधिक मामले दर्ज है।

तिहाड़ जेल से छूटने के बाद काम धंधे की खोज में मुंब्रा आया हुआ था। इसके दिल्ली के कुछ अपराधी गिरोह से संबंध है। शिंदे ने कहा कि फायरिंग में स्थानीय लोग घायल हो सकते थे इस लिए पुलिस ने गोली नहीं चलाई।

दिल्ली के जाफराबाद पुलिस स्टेशन में दर्ज हैं कई केस

  • जांच के दौरान पता चला कि हमलावर शाहबाद शातिर अपराधी है। और वह हाल ही में 8 साल की सजा काटने के बाद तिहाड़ जेल से छूटा है। उसके खिलाफ दिल्ली के जाफराबाद पुलिस स्टेशन में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
  • आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक पुलिस निरीक्षक सावंत, सोनवणे और उनकी टीम ने अहम भूमिका निभाई। मुंब्रा के इस इलाके में पुलिस सुरक्षा तैनात कर दी गई है और शहाबाद के फरार साथी की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि इस फायरिंग की सही वजह अभी पता नहीं चली है।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com