मुंबई मेट्रो लाइन 14 (सौ. सोशल मीडिया )
Mumbai Metro Line 14 Updates: ठाणे जिले के बदलापुर व आस-पास के लोगों को मुंबई तक पहुंचने के लिए जल्द ही मेट्रो सेवा का पर्याय उपलब्ध होगा। बदलापुर, अंबरनाथ, शीलफाटा, महापे, घनसोली, ऐरोली, तुर्भे, दिघा होते हुए कांजुर मार्ग तक मेट्रो लाइन -14 परियोजना रफ्तार पकड़ रही है।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को अंतिम रूप देने हेतु सलाहकार की नियुक्ति के लिए नए सिरे से निविदा जारी की है। 43.69 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर मुंबई महानगर क्षेत्र के विस्तारित मेट्रो नेटवर्क में सबसे लंबी लाइनों में से एक होगा।
गौरतलब हो कि Mumbai Metro Line 14 परियोजना को लेकर आईआईटी बॉम्बे ने इतालवी फर्म मेस मेट्रो मिलानो की व्यवहार्यता रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान चिंता जतायी थी। जिसको लेकर दिसंबर 2025 में इतालवी फर्म मेस मेट्रो मिलानो के साथ हुए अनुबंध को रद्द कर दिया गया था।
प्रमुख मापदंडों में संशोधन की आवश्यकता को देखते हुए, प्राधिकरण अब कार्यान्वयन की दिशा में आगे बढ़ने से पहले परियोजना के विवरण को अद्यतन करने पर विचार कर रहा है। इस वर्ष की शुरुआत में, एमएमआरडीए ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के माध्यम से परियोजना को लागू करने पर विचार किया था, लेकिन निविदा भरने वालों की तरफ से कम प्रतिक्रिया मिलने कारण योजना रद्द कर दी गई।
अब नया सलाहकार वित्त पोषण विकल्पों का पुनर्मूल्यांकन करेगा और वैकल्पिक मॉडल सुझाएगा, साथ ही आईआईटी बॉम्बे की समीक्षा में उठाए गए तकनीकी मुद्दों का समाधान भी करेगा। कार्यक्षेत्र में तकनीकी आर्थिक व्यवहार्यता अध्ययन करना, यात्रियों की संख्या के अनुमानों और लागत अनुमानों को अद्यतन करना, इंजीनियरिंग डिजाइन तैयार करना और डीपीआर को अंतिम रूप देना शामिल है।
मुंबई महानगर परिसर में तेजी से विकास हो रहा है। तेज गति से शहरीकरण के बावजूद, अंबरनाथ व बदलापुर एवं आस-पास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बेहतर नागरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। मुंबई तक पहुंचने के लिए भीड़ भरी लोकल का सहारा है।
अधिक भीड़ की वजह से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। जिसमें बहुत से लोग घायल होते हैं। कुछ लोगों की जान भी चली जाती है। ट्रैफिक जाम की वजह से सड़क पर सफर करना बहुत मुश्किल है। नगर परिषद चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बदलापुर एवं अंबरनाथ के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा था कि जल्द ही यहाँ के लोगों को मेट्रो की सौगात मिलेगी।
ठाणे मनपा क्षेत्र के कलवा से लेकर बदलापुर तक का क्षेत्र राज्य के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र डॉ श्रीकांत शिंदे के संसदीय क्षेत्र में आता है। नगर विकास मंत्रालय एवं एमएमआरडीए एकनाथ शिंदे के अधीन है। जिसको लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ ही उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस परियोजना में विशेष रुचि ले रहे हैं।
Mumbai Metro Line 14 की लंबाई 43.69 किलोमीटर है और इसकी लागत 18,000 करोड़ रुपये है। परियोजना पूरा होने पर, यह मुंबई मेट्रो नेटवर्क की सबसे लंबी मेट्रो लाइनों में से एक बन जाएगी। मौजूदा योजनाओं के अनुसार, मेट्रो लाइन-14 में 24 स्टेशन होंगे और यह ज्यादातर एलिवेटेड होंगे, केवल कांजुरमार्ग ही भूमिगत होगा। जिनमें भांडुप, मुलुंड, ठाणे के बाहरी इलाके, अंबरनाथ और बदलापुर जैसे क्षेत्र शामिल हैं, जो वर्तमान में सेंट्रल रेलवे के उपनगरीय नेटवर्क पर काफी हद तक निर्भर हैं।
ये भी पढ़ें :- Rupali Thombre Patil का बड़ा आरोप, 25 लाख में रची गई साजिश का खुलासा
कांजुरमार्ग-बदलापुर Mumbai Metro Line 14 कई इंटरचेंज प्रदान करेगी, जिससे यह व्यापक मेट्रो नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण कनेक्टर बन जाएगी। कंजूरमार्ग पर, यह उपनगरीय रेल नेटवर्क और मेट्रो लाइन 4, 6 से जुड़ेगी, जबकि घनसोली पर यह ट्रांस हार्बर उपनगरीय लाइन से जुड़ेगी।