

मुंबई हाईकोर्ट के आदेशों का जमीनी स्तर पर कड़ाई से पालन कराया जाए
सार्वजनिक सड़कों और चौराहों पर पटाखे तथा रॉकेट फोड़ने पर रोक
पुलिस उपायुक्त संजयकुमार पाटील की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए
Vasai Virar Police Noise Pollution Cracker Ban: त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान ध्वनि एवं वायु प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ अब पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सभी पुलिस थानों और संबंधित शाखाओं को विशेष निर्देश जारी किए हैं।
इसके तहत रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाएगा। तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम, लाउडस्पीकर और अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
पुलिस उपायुक्त संजयकुमार पाटील की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि मुंबई हाईकोर्ट के आदेशों का केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से पालन कराया जाए। सार्वजनिक सड़कों, चौराहों, गलियों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे, रॉकेट तथा हवा में उड़ने वाले पटाखे फोड़ने पर रोक संबंधी आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ध्वनि प्रदूषण नियम, 2000 के तहत निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन अनिवार्य होगा। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध प्रभावी रूप से लागू कराया जाएगा। निर्धारित सीमा से अधिक आवाज करने वाले पटाखों और ध्वनि-वर्धक उपकरणों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, न्यायालयों और सरकारी कार्यालयों के आसपास घोषित शांत क्षेत्रों में पटाखे फोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को विशेष रूप से छोटे बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों, बीमार लोगों और अस्पतालों में भर्ती मरीजों को ध्वनि एवं वायु प्रदूषण से होने वाली परेशानी को ध्यान में रखने को कहा गया है।
पुलिस के निर्देशों के मुताबिक, ध्वनि-वर्धक उपकरणों और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल करने से पहले सक्षम प्राधिकरण से वैध अनुमति लेना जरूरी होगा। आयोजकों को अनुमति में तय शर्तों और ध्वनि सीमा का पालन करना होगा। संबंधित स्थान पर अनुमति की प्रति और निर्धारित डेसिबल सीमा की जानकारी प्रदर्शित करना भी अनिवार्य होगा।
इसके अलावा लेजर लाइट, उच्च तीव्रता वाली प्रकाश व्यवस्था और बीम लाइट के इस्तेमाल को लेकर जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस थाना क्षेत्रों में बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, सार्वजनिक सड़कों, चौराहों, रिहायशी परिसरों, धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त एवं जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर डेसिबल मीटर और अन्य उपकरणों की मदद से ध्वनि प्रदूषण की जांच भी होगी।
ध्वनि एवं वायु प्रदूषण से संबंधित शिकायत मिलने पर पुलिस को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों, आयोजकों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन प्रदूषण नियंत्रण को लेकर नागरिकों, सार्वजनिक मंडलों, आयोजकों, पटाखा विक्रेताओं और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल करने वालों को भी जागरूक करेगा। इसके लिए सोशल मीडिया, पुलिस मित्र, बीट मार्शल और स्थानीय तंत्र की मदद ली जाएगी।
सभी पुलिस थाना प्रभारियों को प्रतिदिन की गई गश्त, जांच, प्राप्त शिकायतों, दर्ज मामलों और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार कर ई-मेल के माध्यम से संबंधित कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस उपायुक्त संजयकुमार पाटील ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और हाईकोर्ट के आदेशों का तत्काल एवं प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाएगा।