शादी के नाम पर 25 से अधिक महिलाओं से करोड़ों की ठगी, ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार हुआ महाराष्ट्र का महाठग

Maharashtra Matrimonial Fraud Case: महाराष्ट्र पुलिस ने ग्रेटर नोएडा से एक ऐसे महाठग को गिरफ्तार किया है, जिसने अखबारों में शादी का विज्ञापन देकर 25 से अधिक महिलाओं से करोड़ों रुपये और सोना ठग लिया।
Maharashtra Matrimonial Fraud Case Accused Arrested
ठग गिरफ्तार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maharashtra Matrimonial Fraud Case Accused Arrested: डिजिटल दौर में वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए धोखाधड़ी करने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महाराष्ट्र पुलिस ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में छापेमारी कर एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो अपनी असली पहचान छिपाकर रह रहा था। आरोपी पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर 25 से अधिक बेसहारा, तलाकशुदा और दिव्यांग महिलाओं को अपनी ठगी का शिकार बनाया और उनसे करोड़ों रुपये ऐंठ लिए।

महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस ने पुलिस के अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी अनुजकुमार चंद्रप्रकाश त्रिवेदी को 24 मई को गिरफ्तार किया गया। वह फर्जी पहचान के तहत ग्रेटर नोएडा में रह रहा था।

फर्जी में नामों को इस्तेमाल कर करता था ठगी

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी का असली नाम अनुजकुमार चंद्रप्रकाश त्रिवेदी है। वह कानून की नजरों से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान बदलता रहता था। जांच में सामने आया है कि वह अजय अग्रवाल, अजय संतोष सिंह और जयप्रकाश रमेशचंद्र गुप्ता जैसे कई फर्जी नामों का इस्तेमाल कर महिलाओं को जाल में फंसाता था।

एक शिकायत से खुला ठगी का बड़ा नेटवर्क

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा भायंदर में स्थित नयानगर पुलिस स्टेशन में 4 मार्च 2022 को 75 वर्षीय एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने अखबार के विवाह विज्ञापन के जरिए उसकी 45 वर्षीय बेटी से संपर्क किया और 1 मार्च 2019 को उससे शादी की।

नया मकान बनाने के नाम पर हड़पे लाखों रुपये

महिला की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने बाद में पीड़िता के परिवार को फ्लैट बेचने के लिए मजबूर किया और नया मकान बनाने का वादा कर कुल 82 लाख रुपये नकद अलग-अलग किश्तों में ले लिए। इसके बाद 22 फरवरी 2022 को आरोपी पीड़िता को एक रिश्तेदार की शादी के बहाने दिल्ली ले गया और वहां रेलवे स्टेशन पर 33 तोला सोना लेकर फरार हो गया। उसने महिला को मुंबई जाने वाली ट्रेन में बैठाकर अपना फोन बंद कर दिया और भाग गया।

ठाणे पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता और उसकी बेटी से कुल 97 लाख रुपये की ठगी की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह की ठगी के जरिए 25 से अधिक महिलाओं को निशाना बनाया, जिनमें दिव्यांग, मानसिक रूप से कमजोर, तलाकशुदा और असहाय महिलाएं शामिल थीं। पुलिस ने बताया कि ठगी के पैसों से आरोपी ने 20 लाख रुपये की कार खरीदी थी, जिसे जब्त कर लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तारी आरोपी अमरावती के एक अन्य मामले में भी वांछित था, जहां उसने 25 लाख रुपये की ठगी की थी। जांच में यह भी पाया गया कि उसके बेटे ने भी इस धोखाधड़ी में मदद की, जिसके चलते उसे सह-आरोपी बनाया गया है।

आराेपी के पास से फर्जी दस्तावेज बरामद

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से फर्जी आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड भी बरामद किया गया है। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है। पुलिस ने पीड़ित महिलाओं और परिवारों से आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com