मालशेज घाट मार्ग पर हादसा टला: कल्याण-अहिल्यानगर हाईवे की सड़क धंसी, भारी वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक

Malshej Ghat Road Collapse: मालशेज घाट के पास कल्याण-अहिल्यानगर हाईवे (NH-61) की सड़क का 100 मीटर हिस्सा धंसा। सुरक्षा के चलते प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी।
Heavy vehicles banned on Kalyan-Ahilyanagar Highway (NH-61) near Malshej Ghat after a section of the road caved in at Karanjale village due to rains.
सड़क धंसी (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Malshej Ghat Kalyan Ahilyanagar Highway Road Cave: लगातार हो रही बारिश के बीच मालशेज घाट से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। कल्याण-अहिल्यानगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-61) पर मुरबाड के करंजाले गांव के पास सड़क का एक हिस्सा धंस जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी है। सुरक्षा के मद्देनज़र ट्रकों, एसटी बसों, टेम्पो और अन्य भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है।

बारिश और कमजोर नींव बनी सड़क धंसने की वजह

राष्ट्रीय राजमार्ग उपविभाग, मुरबाड के अनुसार वर्ष 2023 में निर्मित कंक्रीट सड़क का लगभग 50 से 100 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे बनी गैबियन रिटेनिंग वॉल की कमजोर नींव, पास की निजी कृषि भूमि पर पहाड़ी कटाई और समतलीकरण तथा लगातार बारिश के कारण मिट्टी बह जाने को इस घटना की प्रमुख वजह माना गया है। इससे सड़क की नींव कमजोर पड़ गई और सड़क धंस गई।

एक लेन से जारी है सीमित यातायात

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने हाईवे की एक लेन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। फिलहाल दूसरी लेन से सीमित संख्या में वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है। संबंधित विभाग सड़क की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय

प्रशासन ने अहिल्यानगर से कल्याण और कल्याण से अहिल्यानगर जाने वाले सभी भारी वाहनों को फिलहाल पनवेल मार्ग से डायवर्ट किया है। वहीं, पुणे और अहिल्यानगर से मुंबई आने वाले वाहन चालकों के लिए आलेफाटा-नारायणगांव-खेड-चाकण-तलेगांव एमआईडीसी-लोणावला-खोपोली-मुंबई मार्ग को वैकल्पिक रूट घोषित किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।

प्रशासन ने सहयोग की अपील की

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और यातायात पुलिस व संबंधित विभागों के निर्देशों का सहयोग करें। सड़क की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य पूरे होने के बाद ही सामान्य यातायात बहाल करने का निर्णय लिया जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com