मुंबई में 20 घंटे पानी की आपूर्ति प्रभावित, पांजरापुर पंपिंग स्टेशन पर मरम्मत के चलते 15% कटौती

Mumbai Water Cut: पांजरापुर पंपिंग स्टेशन पर कंट्रोल पैनल बदलने के काम के कारण 28 व 29 जुलाई को मुंबई के कई हिस्सों में 20 घंटे तक 15% पानी की कटौती रहेगी। BMC की अपील।
A 15% water cut will affect Mumbai for 20 hours due to control panel replacement work at Panjrapur Pumping Station. BMC urges citizens to store water.
पंपिंग स्टेशन जल कटौती (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai BMC Water Supply Cut: मुंबई के पांजरापूर स्थित मुंबई-3ए पंपिंग स्टेशन पर 6.6 केवी हाई-वोल्टेज कंट्रोल पैनल बदलने के कारण शहर के कई हिस्सों में जलापूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के जल अभियंता विभाग ने 28 जुलाई सुबह 9 बजे से 29 जुलाई तड़के 5 बजे तक यह तकनीकी कार्य करने की योजना बनाई है। इस दौरान लगभग 20 घंटे तक पंपिंग स्टेशन बंद रहेगा।

भांडुप जलशुद्धीकरण केंद्र को नहीं मिलेगी पानी की आपूर्ति

बीएमसी के अनुसार, पांजरापूर पंपिंग स्टेशन में लगे पुराने 6.6 केवी हाई-वोल्टेज कंट्रोल पैनलों को चरणबद्ध तरीके से अत्याधुनिक और अधिक कार्यक्षम पैनलों से बदला जा रहा है। कुल 10 पुराने पैनलों की जगह 10 नए कंट्रोल पैनल लगाए जाएंगे। पहले चरण में चार पैनलों को बदला जाएगा। इस कार्य के दौरान पांजरापूर से भांडुप जलशुद्धीकरण केंद्र को होने वाली पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी।

शहर और उपनगरों में 15% तक जलापूर्ति घट सकती है

पंपिंग स्टेशन बंद रहने के कारण मुंबई शहर, पश्चिमी उपनगरों और पूर्वी उपनगरों के कई इलाकों में जलापूर्ति लगभग 15 प्रतिशत तक प्रभावित हो सकती है। बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि यह अस्थायी व्यवस्था तकनीकी कार्य को सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा करने के लिए आवश्यक है।

बीएमसी ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

संभावित जल कटौती को देखते हुए बीएमसी ने नागरिकों से पहले से पर्याप्त पानी का भंडारण करने और पानी का उपयोग बेहद सावधानी से करने की अपील की है। साथ ही प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि तकनीकी कार्य पूरा होते ही जलापूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जाएंगे।

तकनीकी उन्नयन से व्यवस्था होगी अधिक विश्वसनीय

मुंबई बीएमसी का कहना है कि पुराने कंट्रोल पैनलों की जगह आधुनिक उपकरण लगाए जाने से भविष्य में पंपिंग स्टेशन की कार्यक्षमता बढ़ेगी और जलापूर्ति प्रणाली अधिक सुरक्षित, भरोसेमंद और प्रभावी बनेगी। हालांकि इस उन्नयन कार्य के दौरान नागरिकों को अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com