

ठाणे से सूखाग्रस्त क्षेत्रों के लिए दिवाली राशन से भरे ट्रक रवाना किए गए।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में राहत ट्रक रवाना।
सरकार द्वारा किसानों के खातों में 5,000 रुपये की राशि पहुंचाई जा रही है।
सूखाग्रस्त परिवारों की बेटियों की शादी में भी आर्थिक मदद देगी शिवसेना।
Shiv Sena Diwali Ration For Farmers: महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों और उनके परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए शिवसेना आगे आयी है। सूखाग्रस्त इलाकों में लोगों की मदद के लिए ठाणे से दिवाली के राशन से भरे ट्रकों को डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में रवाना किया गया।
दशहरे के दिन ठाणे के अपने निवास स्थान से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राहत सामग्री से भरे ट्रकों को भगवा ध्वज दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी दिवाली काली नहीं होगी। खुशियों के साथ मनाने का प्रयास किया जाएगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार की ओर से किसानों के खातों में आर्थिक सहायता पहुंचाने के साथ शिवसेना के माध्यम से दिवाली का राशन सीधे जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने की योजना है। सैकड़ों ट्रक चरणबद्ध तरीके से सूखाग्रस्त क्षेत्रों में भेजे जाएंगे। शिवसैनिक किसानों के खेतों, घरों और दरवाजों तक पहुंचकर राहत सामग्री वितरित करेंगे।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, सांसद नरेश म्हस्के, विधायक रवींद्र फाटक, महापौर शर्मिला पिंपलोलकर, शिवसेना सचिव राम रेपाले, राज्य संगठन प्रमुख आनंद परांजपे, सभागृह नेता हनुमंत जगदाले, गुटनेता पवन कदम, प्रवक्ता राहुल लोंढे सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सहयोगियों, विधायकों और सांसदों ने सूखाग्रस्त क्षेत्रों में जाकर किसानों की समस्याएं सुनी हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सूखा घोषित करने की मांग स्वीकार की गई है और प्रभावित किसानों को सहायता देने में सरकार पीछे नहीं हटेगी।
डिप्टी सीएम ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा किसानों के खातों में 5,000 रुपये की सहायता राशि जमा की जा रही है। साथ ही, केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी किसानों की मदद के लिए उनके साथ हैं।
शिवसेना की ओर से दिवाली के लिए राशन और आवश्यक सामग्री सूखाग्रस्त परिवारों तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। पार्टी के मुताबिक, आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में राहत सामग्री से भरे ट्रक विभिन्न प्रभावित इलाकों में भेजे जाएंगे। स्थानीय कार्यकर्ताओं को जरूरतमंद परिवारों तक सीधे सहायता पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
शिंदे ने कहा कि किसानों की परेशानियों को देखते हुए शिवसेना सूखे से प्रभावित परिवारों की बेटियों की शादी में भी सहायता करेगी। इसके लिए विधायकों, जिला प्रमुखों और तालुका प्रमुखों को ऐसे परिवारों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जा सके। उन्होंने इस अभियान को ‘80 प्रतिशत समाजसेवा और 20 प्रतिशत राजनीति’ की भावना से जुड़ा प्रयास बताया।
उन्होंने यह भी बताया कि नवरात्रोत्सव के दौरान सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने सादगी के साथ उत्सव मनाने और परंपरा-संस्कृति को बनाए रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर किसानों की सहायता के लिए भी प्रयास किए गए।