बाल-बाल बचे लोग! ठाणे के कल्याण में जर्जर इमारत गिराते समय अचानक सड़क पर आ गिरा मलबा; गनीमत की कोई जनहानि नहीं

Thane Kalyan Building Collapse: ठाणे के कल्याण में री-डेवलपमेंट के दौरान 4 मंजिला 'विनायक दर्शन' इमारत अचानक ढह गई। पूरी घटना कैमरे में कैद हुई। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
Narrow escape! Debris suddenly crashed onto the road while a dilapidated building was being demolished in Kalyan, Thane; fortunately, there were no casualties.
ठाणे कल्याण इमारत हादसा (सोर्स सोशल मीडिया)
Updated on

Thane Vinayak Darshan Building Collapse: ठाणे जिले के कल्याण पश्चिम में घोलपनगर इलाके में रविवार दोपहर री डेवलपमेंट के तहत इमारत गिराने का काम चल रहा था, तभी 4 मंजिला 'विनायक दर्शन' इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर ढह गई। कुछ ही सेकेंड में पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई और धूल का विशाल गुबार पूरे इलाके में फैल गया।

घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर करीब 2:05 बजे घोलपनगर स्थित 'विनायक दर्शन' इमारत में हुई।

री-डेवलपमेंट के दौरान इमारत ढही, मची अफरा-तफरी

जर्जर हो चुकी इस इमारत को री-डेवलपमेंट परियोजना के तहत चरणबद्ध तरीके से गिराया जा रहा था। धूल के गुबार से ढंक गईं आस-पास की इमारतें इसी दौरान इमारत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर सड़क पर आ गिरा।

मलबा मुख्य सड़क तक फैल गया, जबकि आसपास की इमारतें धूल के गुबार से ढंक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज धमाके जैसी आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ परिवारों ने एहतियात के तौर पर तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया। धूल का गुबार इतना अधिक था कि कुछ मिनटों तक आसपास का इलाका पूरी तरह धुंधला हो गया।

इमारत गिराते समय पुख्ता इंतजाम नहीं

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि इमारत गिराने के काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। उनका कहना है कि सुरक्षा घेरा, धूल नियंत्रण और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी उपाय पर्याप्त नहीं थे, लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर वाहनों या राहगीरों की आवाजाही होती, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इमारत पहले ही खाली कराई जा चुकी थी, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जिम्मेदार अधिकारियों-ठेकेदार पर हो कार्रवाई

  • इस घटना ने री-डेवलपमेंट परियोजनाओं के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
  • स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि यह जांच की जाए कि इमारत गिराने का कार्य निर्धारित सुरक्षा नियमों के अनुसार किया जा रहा था या नहीं।
  • यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित डेवलपर, ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
Navbharat Live
navbharatlive.com