कल्याण-डोंबिवली में कमर्शियल गैस संकट, 30% होटल बंद होने से कारोबार प्रभावित

Commercial Gas Cylinder Supply Issue: कल्याण-डोंबिवली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी से होटल कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सप्लाई बाधित होने के कारण करीब 30 प्रतिशत होटल बंद हो चुके हैं।
thane-fake-doctors-issue-ivf-centers-investigation-municipal
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on
Updated on

Kalyan Dombivli Commercial Gas Shortage: कल्याण-डोंबिवली में गैस सिलेंडर की किल्लत अब सीधे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और रोजगार पर असर डालने लगी है। कमर्शियल गैस की सप्लाई बाधित होने से शहर के करीब 30 प्रतिशत होटल बंद हो चुके हैं।

हालात यह है कि कई मशहूर होटल भी ताले लगाने को मजबूर हो गए हैं। शहर के कई इलाकों में होटल के बाहर "गैस सप्लाई नहीं मिलने के कारण होटल बंद है" जैसे बोर्ड दिखाई दे रहे हैं। कल्याण पूर्व का प्रसिद्ध पेट पूजा पॉइंट और कल्याण पश्चिम का चर्चित गुरुदेव होटल भी इसी संकट की वजह से बंद करना पड़ा है।

गुरुदेव होटल के बाहर लगाए गए नोटिस में साफ लिखा है कि गैस आपूर्ति सामान्य होने के बाद ही होटल दोबारा शुरू किया जाएगा। होटल मालिकों का कहना है कि पिछले करीब 18 दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर मिलना लगभग बंद हो गया है। एजेंसियों के पास भी सीमित स्टॉक है और प्राथमिकता घरेलू सिलेंडरों को दी जा रही है।

ग्राहकों की भी बढ़ी परेशानी

होटल बंद होने का असर आम लोगों पर भी दिख रहा है। ऑफिस जाने वाले, मजदूर और छात्र बड़ी संख्या में होटल और छोटे ढाबों पर भोजन करते है, लेकिन अब कई इलाकों में उन्हें खुले होटल ढूंढने पड़ रहे हैं।

आगे और बिगड़ सकते हैं हालात

होटल व्यवसायियों का कहना है कि अगर अगले कुछ दिनों में गैस की सप्लाई सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले सप्ताह में और भी होटल बंद हो सकते हैं। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव के कारण ईंधन और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर स्थानीय होटल उद्योग पर पड़ रहा है। फिलहाल होटल कारोबारी प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई जल्द बहाल की जाए।

कल्याण से नवभारत लाइव के लिए एच पी तिवारी की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com