

Blind Employment Workshop In Thane: ठैणे जिले के अंबरनाथ शहर में गरीब तबके के नेत्रहीनों के बीच कार्यरत संस्था इंडियन मल्टी पर्पज ट्रस्ट फॉर द ब्लाइंड अंबरनाथ अपने रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जन सहयोग के माध्यम से नेत्रहीनों के लिए एक व्यावसायिक कार्यशाला शुरू की है। इस कार्यशाला में लगभग दस लोगों को रोजगार मुहैया होगा।
संस्था की अध्यक्ष डॉली अग्रवाल ने बताया कि मुंबई के समाजसेवी हर्ष दोशी और उनके परिवार के सहयोग से यह वर्क शॉप शुरू की गई है। हर्ष दोशी ने नेत्रहीन आसानी काम कर सके इसलिए रोजगार के उद्देश्य से एक सुपारी काटने की मशीन, रबर बैंड बनाने की मशीन और सिलाई मशीनें दान स्वरूप प्रदान की हैं।
दोशी दंपत्ति का विवाह आगामी नवंबर में होने वाला है, इन्होंने शादी में फिजूल खर्च करने के बजाए, उन पैसों को उन्होंने नेत्रहीनों के रोजगार के लिए दान देने का एक पुनीत कार्य किया। यह व्यावसायिक कार्यशाला अंबरनाथ तहसील के अन्तर्गत आने वाले वांगणी में स्थापित की गई है, जो बदलापुर के पास स्थित है।
उक्त संस्था एक धर्मार्थ संस्था है जो अंबरनाथ, बदलापुर, वांगणी में दृष्टिबाधित लोगों के लिए कार्य कर रही है। इसकी स्थापना स्वर्गीय राजेश अग्रवाल द्वारा की गई थी और वर्तमान में इसका संचालन डॉली अग्रवाल द्वारा बखूबी किया जा रहा है। हर्ष दोशी मुंबई के निवासी हैं और एक युवा उद्यमी हैं जो दक्षिण मुंबई में रहते हैं। कार्यक्रम के उद्घाटन में पचास से अधिक लोगों ने भाग लिया।
आईएमपीटी की अध्यक्ष डॉली अग्रवाल और उपाध्यक्ष सुमित्रा मार्टिन के साथ अन्य समिति सदस्य निशा अग्रवाल, आर्यन अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल, अविनाश शेलार, प्रवीण अमोडे, मयूर अमोडे और रितेश दोशी, हर्ष दोशी और उनका परिवार, साथ ही डांस किंगडम की पूरी टीम भी कार्यक्रम में उपस्थित थी। उनके सहयोग और समर्थन से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।