ठाणे से जलगांव तक, रोहन घुगे को मिली नई जिम्मेदारी, प्रशासन में लाएंगे तेजी

Thane News: ठाणे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोहन घुगे को जलगांव का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें प्रशासन सुधारने और जनता की सुविधाओं को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी दी गई है
रोहन घुगे जलगांव जिलाधिकारी नियुक्त (pic credit; social media)
रोहन घुगे जलगांव जिलाधिकारी नियुक्त (pic credit; social media)
Published on
Updated on

Rohan Ghuge Jalgaon District Magistrate: महाराष्ट्र सरकार ने ठाणे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोहन घुगे को जलगांव का जिलाधिकारी नियुक्त किया है। कम समय में कर्मठ अधिकारी के रूप में पहचान बनाने वाले घुगे को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में ठाणे जिला परिषद में काम करते हुए उन्होंने प्रशासनिक गति बढ़ाई और जनोमुखी योजनाओं को लागू किया। जून महीने के दूसरे सप्ताह में घुगे को मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद की जिम्मेदारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और डिजिटल प्रशासन में उल्लेखनीय सुधार किए।

उनके नेतृत्व में जिला परिषद ठाणे ने 'कार्यालय मूल्यांकन 100 दिवसीय कार्य योजना' में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने पारदर्शी और गतिशील शासन की मिसाल पेश की। आदिवासी इलाकों में 15 किलोमीटर पैदल यात्रा कर स्थानीय समाज की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझना भी घुगे का विशेष प्रयास रहा।

रोहन घुगे की नियुक्ति से जलगांव जिले में प्रशासनिक सुधार की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अधिकारी और कर्मचारी उनके अनुभव और गतिशील नेतृत्व से प्रेरित हैं। स्थानीय लोग भी इस बदलाव से उम्मीदें लगाए हुए हैं।

सरकार से मिली जानकारी के अनुसार, जलगांव में घुगे की प्राथमिकता जनसुविधाओं को बेहतर करना, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में सुधार लाना और डिजिटल प्रशासन को मजबूत करना होगी। अधिकारी का मानना है कि जिले में जनता की समस्याओं को जल्द और प्रभावी ढंग से हल करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी घुगे ने कहा, "ठाणे में मिले अनुभव और सीख को जलगांव में लागू करूंगा। जनता के साथ संवाद, पारदर्शिता और तत्परता मेरे प्रशासन के मुख्य स्तंभ होंगे।" विशेषज्ञों का मानना है कि जलगांव जिले में घुगे की नियुक्ति से शासन में तेजी और सुधार की नई लहर आएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com