

Matrimonial Fraudster Arrest: मैट्रिमोनियल साइट और अखबारों के विज्ञापनों के जरिए मासूम महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली की विष्णुनगर पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने शादी का झांसा देकर कई महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी की है। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के सीतापुर से धर दबोचा है।
आरोपी की पहचान 48 वर्षीय अनुज संतोष तिवारी उर्फ अनुज कुमार त्रिवेदी के रूप में हुई है। ठाणे पुलिस के अनुसार, आरोपी मैट्रिमोनियल वेबसाइटों और अखबारों में प्रकाशित विवाह संबंधी विज्ञापनों के जरिए अकेली, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। अब पुलिस इस बड़े ठगी गिरोह के संबंधों की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शादी से जुड़ी वेबसाइटों और अखबारों में प्रकाशित विज्ञापनों के माध्यम से महिलाओं से संपर्क करता था। वह खास तौर पर उन महिलाओं को निशाना बनाता था, जो अकेली रहती थीं, विधवा थीं या जिनके बच्चे विदेश में रहते थे।
इस ठग की हैवानियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसने एक 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला को भी नहीं बख्शा। आरोपी ने पहले महिला से दोस्ती की और फिर उनके घर से कीमती जेवरात चोरी कर लिए। इसके बाद उनके नाम पर मोबाइल सिम जारी कराया और पुणे की एक आलीशान आवासीय सोसायटी में घर दिलाने का झांसा देकर उनका मकान बिकवा दिया। इस तरह उसने महिला से करीब 57 लाख रुपये ठग लिए।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए दूसरी महिलाओं के नाम पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था। उसने कई महिलाओं को शादी का सपना दिखाकर उनसे कैश और जेवरात ठग लिए। इतना ही नहीं, कुछ महिलाओं के नाम पर कर्ज भी दिलवाया। एक मामले में उसके खिलाफ महिला के यौन शोषण का आरोप भी सामने आया है।
ठाणे जिले की विष्णुनगर पुलिस पिछले करीब एक साल से इस शातिर अपराधी की तलाश में जुटी थी। आखिरकार पुख्ता इनपुट के आधार पर पुलिस की एक टीम ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर में छापेमारी कर आरोपी अनुज तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने आरोपी को पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र के कई जिलों में मामले दर्ज हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने देशभर में कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया है।