गैस सप्लाई प्रभावित, डोंबिवली MIDC की केमिकल और टेक्सटाइल कंपनियों का उत्पादन घटने की आशंका

Israel-Iran Tension के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने से डोंबिवली एमआईडीसी के उद्योगों पर असर पड़ने लगा है। कई कंपनियों के पास केवल एक से दो दिन का गैस स्टॉक बचा है।
Dombivali MIDC
डोंबिवली एमआईडीसी (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Dombivli MIDC Gas Shortage: अंतरराष्ट्रीय हालात का असर अब स्थानीय उद्योगों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण गैस सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर डोंबिवली एमआईडीसी के उद्योगों पर पड़ रहा है।

गैस की कमी के चलते यहां की बड़ी संख्या में कंपनियों का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक डोंबिवली एमआईडीसी में कई उद्योगों के पास फिलहाल सिर्फ एक से दो दिन का ही गैस स्टॉक बचा है।

यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो उत्पादन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इस औद्योगिक क्षेत्र में केमिकल और टेक्सटाइल उद्योग बड़ी संख्या में कार्यरत हैं और इनमें से अधिकांश कंपनियां अपने बॉयलर के लिए पीएनजी गैस पर निर्भर हैं।

उद्योग संगठन कामा संगठन के पदाधिकारी देवेन सोनी के अनुसार, डोंबिवली एमआईडीसी में करीब 125 केमिकल और 110 टेक्सटाइल कंपनियां कार्यरत हैं। प्रदूषण नियंत्रण मंडल के नियमों के बाद इन कंपनियों ने पारंपरिक ईंधन की जगह पीएनजी गैस का उपयोग शुरू किया था।

उद्योगों के सामने उत्पादन जारी रखने की चुनौती

अब गैस की कमी के कारण उद्योगों के सामने उत्पादन जारी रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। गैस आपूर्ति करने वाली महानगर गैस कंपनी ने उद्योगों को उपलब्ध स्टॉक के आधार पर ही गैस देने की बात कही है और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक ईंधन की व्यवस्था करने की सलाह दी है।

हालांकि डीजल जैसे विकल्प महंगे होने के कारण उद्योगों के लिए यह आसान नहीं है। उद्योग जगत के जानकारों का कहना है कि यदि गैस आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो डोंबिवली एमआईडीसी के कई उद्योगों की उत्पादन क्षमता पर असर पड़ सकता है, जिससे कारोबार और रोजगार दोनों प्रभावित होने की आशंका है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com