

KDMC Dombivli Hawker Attack: शहर के पेंढारकर कॉलेज इलाके में शुक्रवार को अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान हिंसा की गंभीर घटना सामने आई। अवैध रूप से सड़क घेरकर बैठे फेरीवालों को हटाने पहुंची केडीएमसी की टीम पर हमला कर दिया गया।
इस हमले में कल्याण डोंबिवली मनपा कर्मचारी सुरेश कामराज गंभीर रूप से घायल हो गए। कामराज को साथियों ने तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद मनपा कर्मचारियों में भारी रोष देखा गया और इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। घटना शुक्रवार शाम की है, जब केडीएमसी के 'ई' प्रभाग की टीम पेंढारकर कॉलेज और माऊली हॉल के बीच स्थित संकरी सड़क पर 'फेरीवाला हटाओ अभियान' चला रही थी। यहां रोजाना 100 से अधिक अवैध ठेले लगने से रास्ता पूरी तरह बाधित हो जाता है। कार्रवाई के दौरान जब टीम ने एक सैंडविच विक्रेता को हटाने की कोशिश की, तो वह अचानक आक्रामक हो गया। आरोपी ने मनपा कर्मचारी सुरेश कामराज पर बांस की लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कल्याण पश्चिम के शिवसेना (शिंदे गुट) शहर प्रमुख रवि पाटिल ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, फेरीवाले केडीएमसी के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को पैसा देते हैं, इसी वजह से उनका मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब वे सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने लगे हैं।
मनपा प्रशासन को चाहिए कि स्थानीय फेरीवालों के लिए व्यवस्थित जगह तय करे और बाहरी फेरीवालों पर सख्त कार्रवाई करे। रवि पाटिल ने कहा स्टेशन और आसपास के इलाकों में फेरीवालों की वजह से आम जनता का चलना दूभर हो गया है। विरोध करने पर ये दादागिरी और मारपीट पर उतर आते हैं। ऐसे लोगों पर कड़ी और ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।