ठाणे: डॉक्टरों से मारपीट मामले में शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, पार्टी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

Doctor Assault Case Thane: ठाणे में डॉक्टरों के साथ मारपीट के आरोप में शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को गिरफ्तार किया गया। लोकसभा सदस्य नरेश म्हस्के ने कहा कि पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
Shiv Sena corporator Ramesh Mhatre arrested for assaulting doctors at a Thane municipal hospital. Party issues show-cause notice and vows no interference in law.
सांकेतिक तस्वीर (फोटो.सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Thane Doctor Assault Case Ramesh Mhatre Arrested: ठाणे जिले में नगर निकाय की ओर से संचालित एक अस्पताल में डॉक्टरों और अन्य चिकित्सा कर्मियों के साथ मारपीट के आरोप में शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। कल्याण के डीसीपी अतुल जेंडे ने बताया कि म्हात्रे को विष्णु नगर थाने में उनके और उनके साथियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले के सिलसिले में हिरासत में लिया गया है।

मामले की जांच जारी है। आरोप है कि सोमवार शाम कल्याण के एक अस्पताल में जब एक परिवार को नवजात शिशु को दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी गई, तो म्हात्रे और उनके साथियों ने दो डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद भारी जन आक्रोश फैल गया। वहीं, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने मामले में त्वरित कार्रवाई न किए जाने पर इलाके के सभी अस्पताल और क्लीनिक बंद करने की चेतावनी दी।

पार्टी में भी अनुशासनात्मक कार्रवाई

इसके बाद मंगलवार रात म्हात्रे और पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इस बीच, ठाणे से लोकसभा सदस्य एवं वरिष्ठ शिवसेना नेता नरेश म्हस्के ने दिल्ली में एक बयान जारी कर म्हात्रे के कृत्य की आलोचना की और कहा कि पार्षद के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। म्हस्के ने कहा, स्पार्टी उस घटना का समर्थन नहीं करती है और न ही कभी करेगी।

हमला वास्तव में म्हात्रे ने ही किया था। भले ही वह एक वरिष्ठ नेता हैं और पांच-छह बार चुने जा चुके है, फिर भी पार्टी ऐसे व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने आरोपी पार्षद को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, म्हस्के ने कहा, रअनुशासनात्मक कार्रवाई के बारे में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अंतिम फैसला करेगा।

हमारी अनुशासनात्मक समिति कार्रवाई के सही तरीके पर निर्णय लेगी, इसके अलावा, जब कानून लागू करने वाली एजेंसियों की ओर से कानूनी कार्रवाई की बात आएगी, तो पार्टी कहीं भी दखल नहीं देगी और न ही कोई अड़चन डालेगी। उन्होंने कहा कि कानून को अपना काम करने देना चाहिए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com