आकर्षण का केंद्र होगी सेंट्रल लाइब्रेरी, निविदा की प्रक्रिया पर हो रहा काम

library
File
Published on: 
Updated on: 

नवी मुंबई: सिडको (CIDCO) द्वारा नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) को सानपाड़ा (Sanpada) के सेक्टर-11 स्थित भूखंड क्रमांक-1 को सेंट्रल लाइब्रेरी (Central Library) बनाने के लिए दिया गया है। इस भूखंड का क्षेत्रफल 1,765 वर्ग मीटर है। जिस पर 4 मंजिल अत्याधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण करने का नियोजन नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा किया जा रहा है। इस सेंट्रल लाइब्रेरी के निर्माण पर लगभग 40 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान महानगरपालिका के संबंधित विभाग द्वारा लगाया गया है। इस लाइब्रेरी का निर्माण कराने के लिए महानगरपालिका के संबंधित विभाग द्वारा निविदा तैयार करने का काम जारी है।

गौरतलब है कि वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी द्वारा बेलापुर विधानसभा से मंदाताई म्हात्रे को प्रत्याशी बनाया गया था। जिन्होंने बेलापुर विधानसभा क्षेत्र में सुसज्जित सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण कराने का वादा अपने में चुनावी एजेंडे के द्वारा नागरिकों से किया था। विधायक बनने के बाद मंदा म्हात्रे ने अपने इस वादे को पूरा करने के लिए लगातार कोशिश कर रही थीं। जिसमें उन्हें सफलता मिली। नवी मुंबई एक आधुनिक शहर है। इस शहर में आम नागरिकों की संख्या भी अधिक है। बड़े परिवार के साथ रहने वाले कई छात्रों को घर में पढ़ने के लिए जगह उपलब्ध नहीं होती है, जिसकी वजह से वह किसी पार्क में या निजी लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए जाते हैं। इसलिए नवी मुंबई में एक भव्य और अच्छी तरह से सुसज्जित लाइब्रेरी की जरूरत महसूस की जा रही थी। उनकी यह जरूरत विधायक मंदाताई म्हात्रे के प्रयासों से पूरी होने वाली है।

सेंट्रल लाइब्रेरी में लगभग एक लाख किताबें होंगी

सानपाड़ा में बनने वाली सेंट्रल लाइब्रेरी बहुमंजिली होगी, जिसमें विभिन्न प्रकार की लगभग एक लाख किताबें होंगी। इस लाइब्रेरी में सौर पैनल लगाए जाएंगे साथ ही प्राकृतिक प्रकाश की विशेष व्यवस्था होगी। मौसम का अध्ययन करते हुए इसे एक ग्रीन बिल्डिंग का स्वरूप दिया जाएगा। जिसमें छात्रों के लिए हवादार पठन के लिए बैठक, कैफेटेरिया, एम्फीथिएटर, साहित्य सहित प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी पुस्तकें आदि तमाम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। 

एक ही छत के नीचे सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी

सानपाड़ा में सेंट्रल लाइब्रेरी बनने पर विद्यार्थियों और वाचन में रुचि रखने वालों एक ही छत के नीचे सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा शहर की पठन संस्कृति और वैचारिक विकास को बढ़ा ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, जिसकी बदौलत इस शहर को आधुनिक शहर के रूप में जाना जाता है। महानगरपालिका क्षेत्र में पठन की सुविधाएं मुहैया कराने के लिए अब तक 19 अप-टू-डेट लाइब्रेरी शुरू की गई हैं। जिनमें 1 लाख से अधिक पुस्तकें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। सानपाड़ा के सेक्टर-11 में बनने वाली सेंट्रल लाइब्रेरी की इमारत का निर्माण करते समय दुनिया भर के आधुनिक लाइब्रेरी की वास्तुकला का अध्ययन किया जाएगा। यह लाइब्रेरी दुनिया की लाइब्रेरी से किस तरह अलग नजर आए, इसके बारे में महानगरपालिका के संबंधित विभाग द्वारा ठोस नियोजन किया जा रहा है।

 सभी भाषाओं का ग्रंथ उपलब्ध कराने का सुझाव

नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में बहुभाषी नागरिक रहते हैं। इन नागरिकों को ध्यान में रखते हुए उक्त लाइब्रेरी में मराठी और अंग्रेजी के साथ विभिन्न भाषाओं में प्रचुर मात्रा में ग्रंथ उपलब्ध कराने का नियोजन किया जा रहा है। इस लाइब्रेरी में साहित्यिक सम्मेलन के लिए सभागार के साथ एक थिएटर, पुस्तकों और सांस्कृतिक प्रदर्शनियों के लिए विशेष गैलरी, ग्रंथ सूची के इतिहास को प्रदर्शित करने के लिए अभिनव डिजाइन उपलब्ध होगा। साथ ही लाइब्रेरी में विकलांगों के लिए आसानी से पढ़ने के लिए सुविधाएं और नेत्रहीनों के लिए ब्रेल लिपि में किताबें पढ़ने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

ऑडियो और ई-लाइब्रेरी होगी उपलब्ध

समय के साथ बदलती संस्कृति को ध्यान में रखते हुए नवी मुंबई महानगरपालिका ने इस अत्याधुनिक लाइब्रेरी में अत्याधुनिक ऑडियो लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना बनाई है। लाइब्रेरी की इमारत का निर्माण करते समय इमारत को पर्यावरण के अनुकूल हरित इमारत बनाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि इमारत से कार्बन न्यूट्रल हो। लाइब्रेरी में आने वाले पाठकों के लिए पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com