

Bhayandar Link Road Crane Accident Workers Death: दहिसर- भाईंदर लिंक रोड परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान शनिवार दोपहर एक गंभीर हादसा हो गया।
एल एंड टी कंपनी के प्रोजेक्ट साइट पर काम करते समय अचानक एक क्रेन गिर गई, जिससे दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य मजदूर घायल हो गए।
मृतकों की पहचान रघुनाथ दास (38) और काना सिंह (45) के रूप में हुई है। दोनों श्रमिक साइट पर क्रेन से जुड़े कार्य में लगे हुए थे। भाईंदर पश्चिम के राधा स्वामी सत्संग मार्ग के पीछे यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे हुई, जब क्रेन अचानक असंतुलित होकर गिर पड़ी और श्रमिक उसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही भाईंदर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाईंदर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कांबले ने बताया कि एडीआर दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज किया जाएगा। इस परियोजना के दौरान हुई बड़ी दुर्घटना से निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों ने हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था।