Bappa.org: घर के गणपति से मंडल तक, डिजिटल रूप में संरक्षित होगी महाराष्ट्र की गणेशोत्सव विरासत

Thane Ganeshotsav Digital Initiative: महाराष्ट्र सरकार की Bappa.org पहल के तहत गणेशोत्सव की आरती, रस्में, तस्वीरें, वीडियो और पारिवारिक यादों को डिजिटल रूप में संरक्षित किया जाएगा।
Bappa Org To Preserve Maharashtra Ganeshotsav Heritage Digitally
गणपति बप्पा और QR कोड(फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Bappa Org To Preserve Ganeshotsav Heritage Digitally: गणेशोत्सव की धार्मिक परंपराओं के साथ महाराष्ट्र की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल रूप में संरक्षित करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से ‘Bappa.org’ डिजिटल पहल शुरू की गई है।

मीरा - भाईंदर मनपा प्रशासन ने शहरवासियों से इस पहल में स्वेच्छा से भाग लेने और अपने बप्पा से जुड़ी यादों व परंपराओं को डिजिटल रूप में सहेजने की अपील की है।

बप्पा से जुड़ी यादें होंगी डिजिटल

‘Bappa.org’ पहल के तहत नागरिक अपने घर के गणपति बप्पा से जुड़ी विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक यादों को डिजिटल रूप में साझा कर सकेंगे। इसमें आरती, पारंपरिक पूजा-पद्धतियां, रीति-रिवाज, प्रसाद और व्यंजन विधियां, आकर्षक सजावट तथा गणेश प्रतिमाओं की तस्वीरें और वीडियो शामिल होंगे।

इसके साथ ही परिवारों की वर्षों पुरानी गणेशोत्सव से जुड़ी यादों, अनुभवों और खास परंपराओं को भी डिजिटल माध्यम से सुरक्षित किया जा सकेगा। सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल भी इस पहल के माध्यम से अपनी धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी साझा कर सकेंगे।

इससे अलग-अलग परिवारों और मंडलों की विशिष्ट परंपराओं का दस्तावेज तैयार होगा और महाराष्ट्र राज्य की समृद्ध गणेशोत्सव संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

Bappa Org To Preserve Maharashtra Ganeshotsav Heritage Digitally
Maharashtra Top 10 News: रोहित पवार की मांग से लेकर UWA इंडिया कैंपस का उद्घाटन तक, पढ़ें राज्य की बड़ी खबरें

समृद्ध विरासत को दिया डिजिटल रूप

मनपा प्रशासन के अनुसार, मीरा- भाईंदर में कई वर्षों से सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों के साथ-साथ घरों में भी विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। प्रत्येक परिवार और गणेशोत्सव मंडल की अपनी अलग परंपरा, रीति-रिवाज और उत्सव मनाने की शैली है।

इन विविध परंपराओं का डिजिटल दस्तावेजीकरण महाराष्ट्र की समृद्ध गणेशोत्सव विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

प्रशासन ने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक विविधता और लोक परंपराओं का भी अभिन्न हिस्सा है।

मीरा- भाईंदर की इस समृद्ध विरासत को डिजिटल रूप में संरक्षित करने के लिए अधिक से अधिक नागरिकों से ‘Bappa.org’ पहल में सहभागी बनने का आह्वान किया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com