टाटा पावर की एंट्री से चमकेगा बदलापुर! 400 मेगावाट का बनेगा स्टेशन, कैबिनेट ने दी मंजूरी, जानें पूरा प्लान

Badlapur Power Supply: बदलापुर वासियों को मिलेगी बिजली संकट से मुक्ति! टाटा पावर के 400 मेगावाट स्विचिंग स्टेशन के लिए 4 एकड़ जमीन को कैबिनेट की मंजूरी।
Good news for Badlapur! Cabinet approves 4 acres of land for Tata Power's 400 MW switching station to end electricity issues.
टाटा पवार को मिली मंजूरी (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mahavitaran Badlapur: बदलापुर शहर में महावितरण के अलावा अब आने वाले दिनों में टाटा पावर के माध्यम से बिजली आपूर्ति होगी। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कुलगांव बदलापुर नगर परिषद के कात्रप स्थित खेल परिसर के भूखंड में से 4 एकड़ भूमि टाटा पावर कंपनी को देने के आरक्षण में बदलाव को मंजूरी दे दी गई है।

इससे टाटा पावर कंपनी बदलापुरवासियों की बिजली की बढ़ती मांग को पूरा कर सकेगी और भविष्य में बदलापुरवासियों को बिजली संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय विधायक किसन कथोरे ने राज्य मंत्रिमंडल के इस निर्णय के लिए बदलापुर वासियों की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शहरी विकास मंत्री और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का आभार व्यक्त किया है।

विधायक किसन कथोरे ने दी जानकारी

भाजपा के विधायक किसन कथोरे पिछले दो वर्षों से मोहपाड़ा के पास कुलगांव बदलापुर नगर परिषद की चार एकड़ जमीन को टाटा पावर के स्विचिंग स्टेशन के लिए बदलापुर नगर पालिका को हस्तांतरित कराने का प्रयास कर रहे हैं। विधायक किसन कथोरे ने बताया कि मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस महत्वपूर्ण मुद्दे को मंजूरी मिलने के बाद सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी और जमीन टाटा पावर कंपनी को हस्तांतरित कर दी जाएगी तथा इस पर काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कुलगांव बदलापुर शहर के लिए यह एक महत्वाकांक्षी परियोजना होगी और इसके चलते बदलापुर शहर में बिजली आपूर्ति में होने वाली लगातार रुकावटें पूरी तरह खत्म हो जाएंगी।

400 मेगावाट बिजली के लिए बनेगा बड़ा स्विचिंग स्टेशन

इसके साथ ही बदलापुर शहर की बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए, विधायक किसन कथोरे ने बताया कि बदलापुर (Badlapur) शहर को 400 मेगावाट तक बिजली की आपूर्ति करने के लिए एक बड़ा स्विचिंग स्टेशन बनाया जाएगा। वर्तमान में बदलापुर शहर को महावितरण द्वारा बिजली की आपूर्ति की जाती है।

हालांकि बदलापुर (Badlapur) में बिजली की मांग बहुत अधिक है, खासकर गर्मियों में, बिजली की मांग महावितरण के कुल बुनियादी ढांचे से डेढ़ गुना से भी अधिक बढ़ जाती है। इसके कारण रात के समय बिजली आपूर्ति में रुकावटें कई गुना बढ़ गई है। साथ ही यदि एक स्विचिंग स्टेशन से बिजली आपूर्ति बाधित होती है, तो दूसरे स्विचिंग स्टेशन पर भार बढ़ जाता है, जिससे अन्य क्षेत्रों के नागरिक भी प्रभावित होते हैं। कंपनी के अधिकारियों ने दावा किया है कि टाटा पावर कंपनी द्वारा बिजली की आपूर्ति के बाद इन सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।

बिजली कटौती की परेशानी होगी दूर

हालांकि टाटा पावर कंपनी सीधे उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति नहीं करेगी, लेकिन बदलापुर में महापरेशन की बजाय टाटा पावर कंपनी द्वारा महावितरण को बिजली की आपूर्ति किए जाने से, यह बिजली आपूर्ति निर्बाध और प्रचुर मात्रा में होगी। विधायक किसन कथोरे ने विश्वास व्यक्त किया कि टाटा पावर से बिजली मिलने से बदलापुर के नागरिकों को बिजली की समस्या के कारण होने वाली परेशानियों को समाप्त करने में काफी मदद मिलेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com