अल्लाह के नाम पर यौन उत्पीड़न, काला जादू का डर दिखा मां और बेटी को किया निर्वस्त्र, पाखंडी बाबा गिरफ्तार

Abdul Rashid Babajan Navi Mumbai Arrest: काला जादू के नाम पर मां-बेटी को निर्वस्त्र करने वाला ढोंगी बाबाजान गिरफ्तार। खलापुर फार्महाउस में करता था दरिंदगी।
Abdul Rashid AKA Babajan Navi Mumbai Arrest
Abdul Rashid AKA Babajan Navi Mumbai Arrest प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स AI)
Published on
Updated on

Navi Mumbai Babajan Arrest: महाराष्ट्र में नासिक के अशोक खरात मामले की गूँज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि नवी मुंबई से एक और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ अब्दुल राशिद उर्फ बाबाजान नाम के एक ढोंगी बाबा ने धर्म और काले जादू का डर दिखाकर महिलाओं के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी बाबाजान को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उस पर महिलाओं को 'अल्लाह' का वास्ता देकर विश्वास में लेने और फिर पूजा के नाम पर उनका यौन उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी बाबाजान नवी मुंबई के कलंबोली इलाके का निवासी है। वह लोगों को उनकी आर्थिक, शारीरिक और वैवाहिक समस्याओं का समाधान करने का लालच देता था। वह खुद को आध्यात्मिक गुरु बताकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि उसने सांताक्रूज़ (मुंबई) की एक मां और बेटी को काला जादू हटाने के बहाने निर्वस्त्र होने पर मजबूर किया और उनके साथ बलात्कार किया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसने उन्हें जान से मारने की कोशिश भी की।

फार्महाउस में काली करतूतें

शिकायत के मुताबिक, आरोपी बाबाजान महिलाओं को खलापुर के एक सुनसान इलाके में स्थित फार्महाउस पर बुलाता था। आधी रात को वह तंत्र-मंत्र और काले जादू का स्वांग रचता था। वह महिलाओं को डराता था कि उन पर किसी ने भारी जादू कर रखा है और इसे हटाने के लिए उन्हें बिना कपड़ों के पूजा करनी होगी। जो महिलाएं उसका विरोध करती थीं, उन्हें वह मौत का डर दिखाकर चुप करा देता था। इसी तरह उसने खलापुर की एक विवाहित महिला का भी यौन शोषण किया।

सोसाइटी से निकाला, फिर हुआ फरार

आरोपी की करतूतों की भनक जब कलंबोली की उसकी सोसाइटी के सदस्यों को लगी, तो उन्होंने उसे घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया था। मामला दर्ज होते ही वह वहां से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे धर दबोचा। जांच में पता चला है कि यह ठग पिछले कई वर्षों से पुरुषों और महिलाओं को अपना शिकार बना रहा था। उसने कई लोगों से समस्या समाधान के नाम पर मोटी रकम भी ऐंठी है।

मुस्लिम सत्य शोधक मंडल की अपील

इस घटना के बाद मुस्लिम सत्य शोधक मंडल ने कड़ा रुख अपनाते हुए अन्य पीड़ित महिलाओं से भी सामने आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। संगठन का कहना है कि ऐसे ढोंगी हर धर्म में मौजूद हैं जो लोगों की आस्था का गलत फायदा उठाते हैं। पुलिस को शक है कि अब तक केवल दो महिलाएं सामने आई हैं, जबकि पीड़ितों की संख्या काफी ज्यादा हो सकती है। फिलहाल, खलापुर पुलिस मामले की हर कोण से जांच कर रही है ताकि इस पाखंडी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com