Instagram पर दोस्ती पड़ी महंगी, 17 साल की किशोरी के साथ 7 आरोपियों ने की दरिंदगी

Thane District से एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आयी है। Instagram से मिले दोस्त ने प्यार का झांसा देकर अपने 6 दोस्तों के साथ मिलकर 5 महीने तक इस लड़की के साथ बलात्कार किया।
gange rape in Thane
नाबालिग के साथ जघन्य अपराध (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Thane News In Hindi: महानगर मुंबई के पास स्थित ठाणे जिले से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आ रही है। ठाणे जिले में एक 17 साल की किशोरी के साथ दरिंदगी की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि 7 आरोपियों ने किशोरी को ब्लैकमेल करके 5 महीनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।

मेडिकल जांच में 17 साल की इस पीड़िता के गर्भवती होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, इस मामले में ठाणे पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश किया है। जहां से उन्हें 8 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

महात्मा फुले पुलिस स्टेशन के अधिकारी द्वारा जानकारी देते हुए बताया है कि किशोरी कॉलेज की स्टूडेंट है। इस साल अप्रैल के महीने में किशोरी की Instagram पर घटना में शामिल आरोपी से दोस्ती हुई थी। ये दोस्ती जल्द ही रिश्ते में बदल गई। उन्होंने बताया कि आरोपी लड़की की सहमति के बिना उसके साथ शारीरिक संबंधों का वीडियो बनाता था। फिर उसने ये आपत्तिजनक वीडियो अपने 6 दोस्तों के साथ शेयर की।

संपन्न परिवार से रखते हैं ताल्लुक

अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया है कि सभी दोस्त मुरबाद और भिवंडी के संपन्न परिवारों से आते हैं। सभी ने लड़की को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था और उससे शारीरिक संबंध बनाने की डिमांड करने लगे। साथ में पीड़िता को धमकी दी कि अगर वो उनकी बात से इनकार करती है, तो उसके आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर देंगे। अधिकारी ने जानकारी दी कि उन्होंने उसका यौन उत्पीड़न शुरू कर दिया और लगभग 5 महीनों तक ये सिलसिला जारी रहा।

आपत्तिजनक वीडियो ऑनलाइन होने के बाद सामने आयी घटना

ये घटना तब सामने आयी जब पीड़िता के माता-पिता ने उसकी अश्लील ऑडियो और वीडियो क्लिप ऑनलाइन देख ली। इसके बाद लड़की ने अपने परिवार को पूरी घटना सुनायी। अधिकारी ने जानकारी दी कि तब पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज करायी।

मेडिकल रिपोर्ट में प्रेग्नेंट होने की बात पता चली

गिरफ्तारी के बाद, 7 आरोपियों को कल्याण जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 8 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पीड़िता की मेडिकल जांच में उसके प्रेग्नेंट होने की खबर सामने आयी। आरोपियों पर अब बाल यौन शोषण संरक्षण अधिनियम यानी पॉक्सो के अंतर्गत भी आरोप दर्ज हुआ है। पुलिस उपायुक्त अतुल जेंडे की निगरानी में एक पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com