70 साल की उम्र में अवैध प्रेम संबंध ने ली बुजुर्ग की जान, प्रेमिका ने की हत्या, DNA रिपोर्ट से खुला राज

Pandharpur Murder Case: पंढरपुर में 70 वर्षीय बुजुर्ग की उनकी ही प्रेमिका ने मामूली विवाद के बाद हत्या कर शव जलाने की कोशिश की। 1.5 महीने बाद आई DNA रिपोर्ट से खुला चौंकाने वाला राज।
Pandharpur Elderly Man Murder Case
आरोपी बुजुर्ग महिला मंगल होनमाने व मृतक अंबादास खांडेकरसोर्स: सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Pandharpur Elderly Man Murder Case: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्ते, उम्र और अपराध के ताने-बाने को झकझोर कर रख दिया है। दो बुजुर्गों के बीच पनपे प्रेम संबंध का अंत एक खौफनाक वारदात से हुआ। 70 वर्षीय अंबादास खांडेकर की उनकी ही प्रेमिका, मंगल होनमाने ने मामूली विवाद के बाद बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, जुर्म को छिपाने के लिए आरोपी महिला ने शव को आधे से ज्यादा जला दिया और मौके से फरार हो गई।

इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाना पंढरपुर पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ था, लेकिन डेढ़ महीने बाद आई DNA रिपोर्ट और पुलिस की तकनीकी जांच ने इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है।

विवाद के बाद प्रेमिका ने की बुजुर्ग की हत्या

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अंबादास खांडेकर (70) और आरोपी महिला मंगल होनमाने के बीच पिछले कुछ वर्षों से प्रेम संबंध चल रहे थे। दोनों ही उम्र के उस पड़ाव पर थे जहां अक्सर लोग शांति और ठहराव की तलाश करते हैं, लेकिन 27 जुलाई को दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई।

यह मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। गुस्से में मंगल ने अंबादास खांडेकर की हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए प्रेमकिा ने शव पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, ताकि मृतक की पहचान न हो सके।

2 अगस्त को मिला आधा जला हुआ लावारिस शव

घटना के कुछ दिनों बाद, 2 अगस्त को स्थानीय लोगों को खेत में एक अधजला लावारिस शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पंढरपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मुआयना किया तो शरीर पर ऐसा कोई सामान या दस्तावेज नहीं बचा था जिससे मृतक की शिनाख्त की जा सके। साथ ही शव भी पूरी तरह झुलसा हुआ था।

पंढरपुर पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह था कि आखिर यह शव किसका है? पुलिस ने आसपास के लापता लोगों की सूची खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान अंबादास खांडेकर के लापता होने की बात सामने आई।

DNA टेस्ट ने खोला आधजले शव का राज

मृतक की पहचान पक्की करने के लिए पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके का सहारा लिया। पंढरपुर पुलिस ने अंबादास खांडेकर की दो बेटियों के डीएनए सैंपल लिए और उन्हें फॉरेंसिक लैब जांच के लिए भेजा। घटना के लगभग डेढ़ महीने बाद जब फॉरेंसिक लैब से डीएनए रिपोर्ट आई, तो उसमें पुष्टि हुई कि खेत में मिला अधजला शव 70 वर्षीय अंबादास खांडेकर का ही था।

12 घंटे में आरोपी प्रेमिका सलाखों के पीछे

डीएनए रिपोर्ट से शव की शिनाख्त होते ही पंढरपुर पुलिस एक्शन मोड में आ गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस की विशेष टीमों ने जांच की गति तेज की। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस का शक मंगल होनमाने पर गहराया।

Pandharpur Elderly Man Murder Case
पति के अवैध संबंध ने ली डॉ. मनीषा जेजुरकर की जान! पुलिस ने महिला डॉक्टर किया अरेस्ट, कॉल डिटेल से खुले कई राज

महिला ने कबूला दोनों के बीच थे प्रेम संबंध

पंढरपुर पुलिस महज 12 घंटे के भीतर मंगल होनमाने को हिरासत में ले लिया। पुलिस कस्टडी में जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो आरोपी महिला टूट गई और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने स्वीकार किया कि प्रेम संबंध के दौरान हुए विवाद और आपसी कहासुनी के कारण ही उसने अंबादास की हत्या की थी और शव को जलाने का प्रयास किया था।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस खौफनाक वारदात में कोई और भी शामिल था या महिला ने अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com