पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंचे शरद पवार, किसानों को ले गए साथ, जानें क्या हुई चर्चा

महाराष्ट्र के शीतकालीन सत्र में इस बार किसानों का मुद्दा जोर पकड़ा है। इस बीच एनसीपी-एसपी के प्रमुख नेता शरद पवार ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ महाराष्ट्र के दो किसान भी मौजूद थे।
शरद पवार महाराष्ट्र के दो किसानों के साथ प्रधानमंत्री मोदी से मिले
शरद पवार (सौजन्य-फाइल फोटो)
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली:  NCP-SCP नेता प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को संसद में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से किसानों के मुद्दे को लेकर उनसे चर्चा की।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें फल की पेटी दी। उनकी यह मुलाकात महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महा विकास आघाडी (एमवीए) की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति से हार के कुछ सप्ताह बाद हुई।

शरद पवार ने पीएम से की मुलाकात

शरद पवार ने पश्चिमी महाराष्ट्र के फलटण के दो किसानों के साथ संसद में प्रधानमंत्री के कार्यालय में नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें किसानों के खेत से लाई गई अनार की एक पेटी भेंट की।

हाल ही में, पवार ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजधानी के तालकटोरा स्टेडियम में फरवरी में आयोजित होने वाले 98वें मराठी साहित्य सम्मेलन का उद्घाटन करने के लिए उन्हें आमंत्रित किया था।

शरद पवार ने नहीं की कोई विशेष बात

प्रधानमंत्री के साथ बैठक के बाद पवार ने कहा, ‘‘मैंने साहित्य सम्मेलन के विषय पर बात नहीं की।'' पिछले माह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, राकांपा (एसपी), शिवसेना (उबाठा) वाले गठबंधन एमवीए को भाजपा, शिवसेना, राकांपा वाले गठबंधन महायुति से करारी हार मिली थी। महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीट में से महायुति ने 235 और एमवीए ने 46 सीट जीती हैं। महाराष्ट्र की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्ष का हंगामा

महाराष्ट्र में आज विधानसभा शीतकालीन सत्र का तीसरा दिन है, जहा विपक्ष ने विधान सभा की सीढ़ियों पर हंगामा किया। महाराष्ट्र में विपक्षी दलों के सदस्यों ने सरकार पर किसानों के प्रति उदासीनता और उन्हें फसल उत्पादन का पर्याप्त मूल्य नहीं देने का आरोप लगाते हुए बुधवार को लगातार तीसरे दिन विधान भवन की सीढ़ियों पर विरोध प्रदर्शन किया।

महाराष्ट्र विधानमंडल का शीतकालीन सत्र सोमवार को नागपुर में शुरू हुआ था। बुधवार को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे, शिवसेना (यूबीटी) के सुनील प्रभु और भास्कर जाधव, कांग्रेस नेता नाना पटोले, नितिन राउत, भाई जगताप समेत विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) के सदस्यों ने विधान भवन की सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया।

(एजेंसी इनपुट के साथ)