अखिलेश के बाद राहुल गांधी से मिलेंगे रोहित पवार, संसद में गूंजेगा अजित पवार विमान हादसा मामला

Rohit Pawar Meets Akhilesh Yadav: रोहित पवार ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर अजित पवार विमान हादसे की जांच संसद में उठाने की मांग की। वे अब राहुल गांधी और ममता बनर्जी से मिलेंगे।
Rohit Pawar to Meet Rahul Gandhi
Rohit Pawar to Meet Rahul Gandhi (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Rohit Pawar to Meet Rahul Gandhi: महाराष्ट्र की राजनीति में अजित पवार विमान दुर्घटना का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ने लगा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) के विधायक और युवा नेता रोहित पवार ने इस मामले को संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में उठाने के लिए विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' (INDIA) के दिग्गज नेताओं से संपर्क तेज कर दिया है।

रोहित पवार ने हाल ही में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की और अब वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने का समय मांग रहे हैं। उनका दावा है कि यह दुर्घटना महज एक इत्तेफाक नहीं थी और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए।

रोहित पवार का आरोप है कि केंद्र सरकार और विमानन मंत्रालय इस मामले के तथ्यों को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी इस मुद्दे पर चर्चा की है और अब वे ममता बनर्जी तथा तेजस्वी यादव जैसे नेताओं को भी इस मुहिम में शामिल करने की तैयारी में हैं।

AAIB की रिपोर्ट पर उठाए गंभीर सवाल

रोहित पवार ने एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) द्वारा जारी की गई प्रारंभिक रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर एक पोस्ट के जरिए रिपोर्ट की खामियों को उजागर करते हुए कहा, "AAIB ने इस मामले को कितनी गंभीरता से लिया है, यह इसी बात से साफ हो जाता है कि रिपोर्ट के पेज 4 पर बारामती को एक अलग जिला बताया गया है, जबकि वह पुणे जिले का हिस्सा है।" रोहित ने आरोप लगाया कि सीआईडी (CID) की जांच भी इसी त्रुटिपूर्ण रिपोर्ट के आधार पर की जा रही है, जिससे निष्पक्ष न्याय की उम्मीद कम है।

"बीजेपी नेता नहीं चाहते सच आए सामने"

रोहित पवार ने सीधे तौर पर भाजपा और विमानन मंत्रालय के संबंधों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विमान कंपनी VSR के मालिकों और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के बीच करीबी संबंध हैं, जिसके कारण जांच को प्रभावित किया जा रहा है। रोहित ने दावा किया, "बीजेपी के कई बड़े नेता नहीं चाहते कि इस हादसे का सच जनता के सामने आए। महाराष्ट्र में मुझे ट्रोल करवाया जा रहा है, लेकिन मैं हर सबूत पेश करने के लिए तैयार हूं।" उनका तर्क है कि जब तक यह मुद्दा संसद में नहीं गूंजेगा, तब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी।

विपक्षी एकजुटता और आगामी रणनीति

रोहित पवार की रणनीति स्पष्ट है वे इस मुद्दे को महाराष्ट्र की स्थानीय राजनीति से निकालकर 'इंडिया' गठबंधन का एक साझा मुद्दा बनाना चाहते हैं। उन्होंने शनिवार, 7 मार्च को स्पष्ट किया कि वे राहुल गांधी, ममता बनर्जी, कनिमोझी, तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन से मिलकर अनुरोध करेंगे कि इस 'संदेहास्पद दुर्घटना' पर सरकार को घेरा जाए। बारामती में हुए इस विमान हादसे में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित पांच लोगों की जान चली गई थी, जिसने पूरे राज्य को झकझोर दिया था। अब रोहित पवार इस भावनात्मक और राजनीतिक मुद्दे को राष्ट्रीय पटल पर ले जाने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com