रोहित पवार का बड़ा आरोप, प्रफुल पटेल-तटकरे पर पार्टी हड़पने की साजिश का दावा

Praful Patel Controversy: रोहित पवार ने प्रफुल पटेल और सुनील तटकरे पर पार्टी कब्जाने की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि अजित पवार के निधन के बाद चुनाव आयोग को पत्र भेजकर बड़ा कदम उठाया गया।
rohit-pawar-allegations-praful-patel-tatkare-ncp-row
रोहित पवार (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rohit Pawar Allegation On Praful Patel: राकां शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने एक बार फिर राकां सुनेत्रा पवार गुट के कद्दावर नेता प्रफुल पटेल व सुनील तटकरे पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि ये दोनों नेता पार्टी को हड़पना चाहते हैं।

इसी मकसद से पूर्व डीसीएम अजित पवार के निधन के बाद इन दोनों नेताओं ने बड़ा खेला किया था, लेकिन उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने अपने एक पत्र के जरिए समय रहते पटेल व तटकरे के प्रयासों को विफल कर दिया।

रोहित का यह भी दावा है कि एक साजिश के तहत अजित पवार के घर भी जादू-टोना किया गया था। इसके पीछे भी ढोंगी तांत्रिक अशोक खरात का नाम लिया जा रहा है। रोहित के अनुसार, अजित पवार के निधन के मात्र 18 दिन बाद पटेल, तटकरे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ब्रिज मोहन श्रीवास्तव ने चुनाव आयोग को एक पत्र भेजा था।

आधे में छोड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस

राकां नेता सुनील तटकरे ने पलटवार करते हुए रोहित पवार को अपनी पार्टी पर ध्यान देने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि अजित पवार के जीवित रहते भी मुझ पर कई आरोप किए गए, जो निर्मूल साबित हुए, जब उनसे खरात संबंधी सवाल पूछे गए ती उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस बीच में ही छोड़ दी और चले गए।

सुनेत्रा-पार्थ थे अनजान

रोहित ने कहा कि 16 फरवरी 2026 को लिखे गए उक्त पत्र में पार्टी संविधान में बदलाव का दावा करते हुए सभी अधिकार कार्याध्यक्ष प्रफुल पटेल को देने की अनुमति मांगी गई थी। इस पूरे पत्राचार के दौरान सुनेत्रा पवार और पार्थ को विश्वास में नहीं लिया गया लेकिन जब सुनेत्रा को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत सक्रिय भूमिका निभाई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com