राहुल नार्वेकर और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक, अलीबाग जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, संजय राउत के VIDEO से मचा बवाल

Rahul Narwekar Viral Video: अलीबाग में जमीन सर्वेक्षण को लेकर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के गुस्से के बाद उन्हें वहां से निकलना पड़ा।
Rahul Narwekar Viral Video: राहुल नार्वेकर और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक, अलिबाग जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, संजय राउत के VIDEO से मचा बवाल
राहुल नार्वेकर और ग्रामीणों के बीच हुई बहस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rahul Narwekar Alibag Land Dispute: महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। इस बार मामला अलीबाग के म्हात्रोली गांव की एक जमीन सर्वेक्षण से जुड़ा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राहुल नार्वेकर को स्थानीय महिलाओं और किसानों के भारी विरोध का सामना करते देखा जा सकता है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, राहुल नार्वेकर अलीबाग के म्हात्रोली गांव में एक जमीन सरकारी सर्वेक्षण कराने पहुंचे थे। स्थानीय किसानों और ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और नार्वेकर उन्हें विश्वास में लिए बिना, तानाशाही तरीके से जमीन की पैमाइश करने की कोशिश कर रहे थे। जिस समय सर्वेक्षण शुरू की गई, उस समय घर का मालिक वहां मौजूद नहीं था। जब घर के मालिक और उनकी पत्नी को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया।

वीडियो में क्या दिख रहा है?

वायरल वीडियो में एक महिला राहुल नार्वेकर और वहां मौजूद अधिकारियों पर बुरी तरह भड़कती हुई नजर आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी पुश्तैनी जमीन को हड़पने की कोशिश की जा रही है। विरोध इतना बढ़ गया कि राहुल नार्वेकर को वहां से तुरंत निकलना पड़ा। इस घटना को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार और विधानसभा अध्यक्ष पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं।

संजय राउत ने साधा निशाना

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने इस वीडियो को साझा करते हुए तंज कसा है। उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, "विधानसभा अध्यक्ष के साथ यह धक्का-मुक्की कहां और क्यों हुई? राहुल नार्वेकर को वहां से भागना पड़ा! आप बता रहे हैं या मैं बताऊं?" इसके साथ ही कांग्रेस ने भी आरोप लगाया कि नार्वेकर किसानों को डराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जनता के आक्रोश के सामने उन्हें पीछे हटना पड़ा।

फिलहाल इस मामले पर राहुल नार्वेकर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन स्थानीय स्तर पर तनाव का माहौल बना हुआ है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com