महाराष्ट्र किसान कर्जमाफी की चौथी सूची जारी, एक से ज्यादा बैंकों में अकाउंट वाले 1,15,697 किसानों के नाम शामिल

Kisan Karjmafi 4th List: महाराष्ट्र सरकार ने किसान कर्जमाफी योजना 2026 के तहत 1.15 लाख से अधिक पात्र किसानों की चौथी लिस्ट जारी की है। अब तक 15.85 लाख किसानों को मिला योजना का फायदा।
Kisan Karjmafi 4th List
महाराष्ट्र किसान कर्जमाफी की चौथी सूची जारीप्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • महाराष्ट्र में किसान कर्जमाफी योजना की चौथी लिस्ट जारी।

  • चौथी लिस्ट 1,15,697 पात्र किसानों के नाम शामिल।

  • एक से अधिक बैंकों में लोन अकाउंट वाले किसानों को किया गया शामिल।

  • अब तक 15.85 लाख किसानों के खातों में 13,275 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जा चुके हैं।

Maharashtra Farmer Loan Waiver 4th List: महाराष्ट्र सरकार ने सूखे के बीच किसानों को बड़ी राहत दी है। पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना की चौथी लिस्ट जारी कर दी गई है। इस लिस्ट में आधार ऑथेंटिकेशन के लिए 1 लाख 15 हजार 697 पात्र किसानों की चौथी लिस्ट जारी कर दी गई है। इस सूची में उन किसानों को शामिल किया गया है जिनके एक से अधिक बैंकों में लोन अकाउंट हैं और जिनका बकाया बैलेंस 2 लाख रुपये से कम या उसके बराबर है।

अब तक 15.85 लाख किसानों का कर्ज माफ

महाराष्ट्र के सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल ने बताया कि बैंकों ने महाआईटी (MahaIT) द्वारा तैयार किए गए विशेष योजना पोर्टल पर कुल 31.17 लाख बकाया लोन खातों का डेटा अपलोड किया था।

महाआईटी द्वारा की गई कंप्यूटर प्रोसेसिंग और सत्यापन के बाद, जिन 15.85 लाख योग्य लाभार्थियों ने अपना आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कर लिया था, उनके खातों में अब तक 13 हजार 275 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कर्ज माफी की राशि सीधे जमा की जा चुकी है।

24 लाख से अधिक किसानों की लिस्ट जारी

योजना के पारदर्शी संचालन के तहत अब तक कुल 24 लाख 67 हजार 130 पात्र किसानों के नाम सार्वजनिक किए जा चुके हैं।

पहली लिस्ट: 16,96,201 किसान

दूसरी लिस्ट: 4,19,737 किसान

तीसरी लिस्ट: 3,51,192 किसान

चौथी लिस्ट: 1,15,697 किसान

किसान कर्जमाफी की चाैथी सूची संबंधित बैंक शाखाओं, प्राथमिक कृषि साख समितियों (विकास संस्थाओं) और ग्राम पंचायतों के नोटिस बोर्ड पर उपलब्ध करा दी गई है।

किन किसानों को मिल रहा कर्जमाफी योजना का लाभ?

पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना का लाभ उन किसानों को भी मिलेगा जिन्होंने एक से अधिक बैंकों से फसल लोन ले रखा है। सूची में शामिल किसानों का लोन बकाया 31 मार्च 2026 तक का मान्य किया गया है। 1 अप्रैल 2026 के बाद का ब्याज और अन्य अतिरिक्त शुल्क पूरी तरह से माफ कर दिए जाएंगे।

हेयरकट पॉलिसी के तहत भी मिल रहा लाभ

राष्ट्रीयकृत और व्यावसायिक बैंकों से जुड़े कुछ मामलों में, यदि किसानों का बकाया 31 मार्च 2026 तक 2 लाख रुपये से अधिक है, तो सरकार की हेयरकट पॉलिसी के तहत उन खातों को भी कर्ज माफी का लाभ दिया जाएगा।

Kisan Karjmafi 4th List
वर्धा में 2.13 लाख किसानों की फसलें प्रभावित, सरकार से 206 करोड़ रुपए की मदद मांगी

बुजुर्गों, मृतकों और उंगलियों के निशान न आने वाले लाभार्थियों के लिए विशेष SOP

आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को सहज बनाने के लिए सरकार ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई है। योजना के तहत पात्र मृत किसानों के परिजनों, बुजुर्गों तथा जिन लाभार्थियों के फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) मैच नहीं हो रहे हैं, उनके लिए 19 अगस्त 2026 को एक विशेष स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी किया गया है।

सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल ने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे अपनी निकटतम बैंक शाखा या 'आपले सरकार सेवा केंद्र' (CSC Center) पर जाकर जल्द से जल्द अपना आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कराएं, ताकि कर्ज माफी की राशि तुरंत उनके ऋण खातों में ट्रांसफर की जा सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com