वोटर्स लिस्ट घोटाला (सौ. सोशल मीडिया )
Pune News In Hindi: आगामी महानगरपालिका चुनाव के लिए बावधान और कोथरुड प्रभाग की मतदाता सूची जांचने के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के पदाधिकारियों ने इस प्रभाग की मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
यह दावा किया गया है कि इस प्रभाग में 1 हजार 158 मतदाताओं के नाम दो या तीन बार दर्ज किए गए हैं और सूची में कन्नड़ और गुजराती भाषा के नाम भी शामिल है। मनसे ने यह भी कहा है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के नाम भी दो जगहों पर दर्ज किए गए हैं। मनपा चुनाव को देखते हुए मनसे द्वारा मतदाता सूची सत्यापन अभियान चलाया गया है। उसी के अनुसार बावधान-कोथरुड प्रभाग की मतदाता सूची की जांच की गई।
मनसे के महासचिव बाला शेडगे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान मनसे कामगार सेना के उपाध्यक्ष नरेंद्र तांबोली, कोथरुड विभाग सचिव राजेंद्र वेडे पाटिल, शहर संगठक प्रशांत मते, शहर सचिव संजय भोसले, उपविभाग अध्यक्ष महेश लाड और शहर सचिव रमेश जाधव उपस्थित थे। शेडगे ने कहा, ‘यह प्रभाग खडकवासला, कोथरुड और भोर-मुलशी विधानसभा क्षेत्रों में आता है। प्रभाग के एक हजार 158 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दो, तीन और चार बार दर्ज किए गए हैं। कुछ स्थानों पर दोहराए गए नामों के पते भी वही हैं। साथ ही, कुछ मतदाताओं के नाम कन्नड़ और गुजराती भाषा में होने के कारण मतदाता की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में कुछ नाम समान हो सकते हैं। लेकिन इन दोहराए गए मतदाताओं की तस्वीरें भी वही है। एक ही नाम अलग-अलग तरीकों से दर्ज किया गया है। मतदाता वही हैं। केवल उनके पते बदल गए हैं। सत्यापन के दौरान खडकवासला, भोर और कोथरुड विधानसभा क्षेत्रों की सूचियों में ऐसे कई नाम पाए गए। इसलिए चुनाव प्रक्रिया पर ही प्रश्नचिहन लग गया है।
ये भी पढ़ें :- Nashik News: सिन्नर MIDC में दिवाली की खुशखबरी, कंपनियों ने बांटे 50 हजार तक बोनस
मनसे के बाला शेडगे ने दावा किया कि पुणे मनपा के पूर्व अतिरिक्त आयुक्त और ‘महाऊर्जा’ के महानिदेशक ओम प्रकाश बकोरिया का नाम भोर और खडकवासला विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा ‘जब मतदाता सूची में आईएएस अधिकारियों के नाम दो बार दर्ज किए जाते हैं तो नागरिकों को मतदाता सूची पर विश्वास करना चाहिए या नहीं?’