नीचे सुरंग...मंदिर-मस्जिद पर जंग! पुणे में लगाया गया कर्फ्यू, दो समुदायों में झड़प से तनाव

Manchar Dargah: महाराष्ट्र के पुणे में एक दरगाह की मरम्मत के दौरान दीवार गिरने से एक सुरंग मिली, जिसके बाद हिंदू-मुस्लिम संगठनों के बीच तनाव पैदा हो गया है।
Pune Manchar Dargah
दरगाह के नीचे सुरंग (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Maharashtra News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के आंबेगांव तालुका स्थित मंचर में शुक्रवार देर शाम एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। यहां चावड़ी चौक में एक स्थानीय दरगाह की मरम्मत का काम जारी था। उसी दौरान लगभग शाम 5 बजे दरगाह की एक दीवार ढह गई। दीवार के भीतर एक सुरंग जैसी संरचना नजर आई। इससे इलाके में हड़कंप मच गया और हिंदू-मुस्लिम पक्ष आमने-सामने आ गए।

पुलिस के मुताबिक, स्थानीय नगर पालिका परिषद ने मरम्मत के लिए लगभग 60 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। हालांकि, इस पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस निर्माण कार्य के लिए सभी आधिकारिक अनुमति ली गई थीं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए मंचर कस्बे में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

हिंदू संगठनों ने सुरंग की जांच की मांग की

अधिकारियों ने आगे कहा कि न्यायालय के आदेश आने तक कोई भी नया निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए हिंदू और मुस्लिम समुदाय के नेताओं के साथ बैठकों का आयोजन किया गया, ताकि माहौल बिगड़े नहीं और तनाव न फैले। इस बीच हिंदू संगठनों ने दीवार के अंदर से निकली सुरंग की जांच की मांग की है और सच्चाई सामने लाने की बात कही है। अब इस क्षेत्र में लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है और किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

सीसीटीवी कैमरों से की जा रही निगरानी

साथ ही इस स्थान पर सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी रखी जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि जब पुलिस ने सुरंग की जांच की तो उसके अंदर से लकड़ी की कुछ वस्तुएं बरामद हुईं। पुरातत्व विभाग की टीम को भी इस स्थान का निरीक्षण करने के लिए बुलाया गया है। अब इस मुद्दे को लेकर हिंदू और मुस्लिम संगठनों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। एक ओर जहां हिंदू संगठन इसकी गहराई से जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मुस्लिम संगठनों ने दरगाह को हुए नुकसान पर नाराजगी जताई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com