ग्राहक सेवा में महावितरण अव्वल!, पुणे परिमंडल सहित 6 कार्यालयों को मिला ISO-9001-2015 सर्टिफिकेट

महावितरण के पुणे परिमंडल कार्यालय को एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। महावितरण के पुणे परिमंडल कार्यालय समेत कुल 6 कार्यालयों को ISO-9001-2015 सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है।
maharashtra-cheap-electricity-green-energy-solar-plan-india
महावितरण (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Pune News In Hindi: महावितरण के पुणे परिमंडल कार्यालय सहित कुल 6 कार्यालयों को एक साथ 'ISO-9001-2015' प्रमाण-पत्र मिला है। इन कार्यालयों में रास्तापेठ, गणेशखिंड और स्थापत्य मंडल कार्यालय, ग्राहक शिकायत निवारण मंच और हड़पसर उपविभाग कार्यालय शामिल हैं।

यह पहली बार है जब महावितरण के इतने सारे कार्यालयों को एक साथ यह सम्मान मिला है। यह प्रमाण-पत्र वितरण समारोह हाल ही में रास्तापेठ स्थित महावितरण कार्यालय में आयोजित हुआ। इस समारोह की अध्यक्षता महावितरण के संचालक (मानव संसाधन) राजेंद्र पवार ने की। इस मौके पर क्षेत्रीय संचालक भुजंग खंदारे, 'आईएसओ' के मुख्य निरीक्षक नंदकुमार देशमुख और मुख्य अभियंता सुनील काकडे भी मौजूद थे।

यह प्रमाण-पत्र प्रशासनिक कार्यों, विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन, ग्राहक सेवा, अच्छी तरह से सुसज्जित भवन और बिजली बिल वसूली जैसे मानदंडों के आधार पर दिया गया है। इस अवसर पर बोलते हुए, संचालक राजेंद्र पवार ने कहा कि महावितरण के कर्मचारियों में बहुत क्षमता है, जो आपातकालीन स्थितियों में देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि अगर कर्मचारी इसी क्षमता के साथ ग्राहक सेवा के प्रति समर्पण से काम करें तो निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं। पुणे परिमंडल में 'आईएसओ' एक अभियान बन गया है, लेकिन प्रमाण-पत्र हासिल करने से ज्यादा महत्वपूर्ण इसे बनाए रखना और इसमें निरंतरता बनाए रखना है। उन्होंने कर्मचारियों को ग्राहकों के साथ विनम्रता से व्यवहार करने, महिलाओं और बुजुर्गों का सम्मान करने और नियामक आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर काम करने का भी निर्देश दिया।

शिकायतों के निवारण व जागरूकता पर जोर

यह उल्लेखनीय है कि जहां कई कंपनियों और सरकारी कार्यालयों को 'आईएसओ' प्रमाण-पत्र मिल चुका है। वहीं ग्राहकों की शिकायतों का समाधान करने वाले 'ग्राहक शिकायत निवारण मंच' को देश में पहली बार यह दर्जा मिला है। 'आईएसओ' के मुख्य निरीक्षक नंदकुमार देशमुख ने बताया कि मंच के अध्यक्ष महेंद्र दिवाकर ने ग्राहक शिकायतों के निवारण के साथ-साथ ग्राहक जागरूकता पर भी जोर दिया है। इस समारोह में पावर हाउस के सभी वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com