पुणे में प्रवेशोत्सव: डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने की बच्चों की आरती, नासा जाने वाली रुद्रा का हुआ सम्मान

Pune Sunetra Pawar: पुणे के मावल में स्कूल प्रवेशोत्सव में शामिल हुईं डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार। नासा का दौरा करने वाली छात्रा रुद्रा का सत्कार किया और डिजिटल शिक्षा पर जोर दिया।
Deputy CM Sunetra Pawar attended the school Praveshotsav in Pune's Maval. She felicitated NASA-visiting student Rudra and emphasized digital education.
सीएम सुनेत्रा पवार (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Maharashtra School Reopening Sunetra Ajit Pawar: उन्नत तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस आधुनिक युग में ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र किसी भी स्तर पर पीछे न रहें, इसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह समर्पित है। सरकार हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और तकनीक-आधारित शिक्षा प्रदान करने के लिए कई प्रभावी योजनाओं पर काम कर रही है। यह प्रतिपादन उपमुख्यमंत्री तथा जिले की पालकमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार ने किया। वे मावल तहसील के कान्हे स्थित 'पीएम श्री आदर्श केंद्र जिला परिषद प्राथमिक स्कूल' में नए शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के अवसर पर आयोजित स्कूली प्रवेशोत्सव 2026-27 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थीं।

खेल, कला और कौशल विकास को भी बढ़ावा

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा ने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक व उच्च स्तरीय शिक्षा देना और हर स्कूल में आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार करना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है। डिजिटल क्रांति के इस दौर में ग्रामीण बच्चों को भी शहरी छात्रों की तरह समान अवसर मिलने चाहिए। राज्य के स्कूलों में डिजिटल क्लासरूम, आधुनिक शैक्षणिक उपकरण और उच्च गुणवत्ता वाली पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि खेल, कला और कौशल विकास को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

शिक्षा स्तर सुधारने समन्वय बेहद जरूरी

इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक सुनील शेलके ने मावल तहसील के शिक्षा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। विधायक ने छात्रों से अपील की कि वे शिक्षा के साथ-साथ विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल और रिसर्च के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपने जीवन के बड़े सपनों को पूरा करें। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गजानन पाटिल ने जिले में लागू की जा रही विभिन्न शैक्षणिक पहलों की जानकारी दी और कहा कि शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए शिक्षक, अभिभावक और प्रशासन का आपसी समन्वय बेहद जरूरी है।

नासा का दौरा करने वाली होनहार रुद्रा का सत्कार

कार्यक्रम में इसी स्कूल की होनहार छात्रा रुद्रा गणेश राजगुरे ने विश्व की प्रतिष्ठित अंतरिक्ष एजेंसी नासा का दौरा करने का ऐतिहासिक अवसर प्राप्त किया है। इस असाधारण उपलब्धि के लिए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के हाथों रुद्रा का विशेष सत्कार व सम्मान किया गया।

उपमुख्यमंत्री ने छात्रों की आरती उतारी

कार्यक्रम के दौरान पुणे जिले के 303 केंद्र प्रमुखों को दिए जाने वाले अत्याधुनिक टैब में से प्रतीकात्मक रूप से चार केंद्र प्रमुखों को मुख्य अतिथियों के हाथों टैब सौंपे गए।उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने खुद नए छात्रों की आरती उतारी (औक्षण), उन पर फूलों की वर्षा की और उन्हें गुलाब जामुन खिलाकर स्कूल में उनका आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों से खुलकर बातचीत भी की।

समारोह में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में विधायक सुनील शेलके, जिला परिषद सीईओ गजानन पाटिल, सदस्य दिपाली हुलावले, सुनीता येवले, उपसंचालक गणपतराव मोरे, शिक्षाधिकारी भाऊसाहेब कारेकर और पूर्व चीनी आयुक्त शेखर गायकवाड उपस्थित थे। साथ ही गणेश ढोरे, विठ्ठल शिंदे, गणेश खांडगे, साहेबराव कारके सहित भारी संख्या में शिक्षक, अभिभावक व छात्र मौजूद रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com