वीएसआर विमान, करोड़ों का ट्रांजेक्शन और तांत्रिक अनुष्ठान, क्या सोची-समझी साजिश थी अजित दादा की मौत?

Plane Crash Investigation: विधायक रोहित पवार ने CID ऑफिस पहुंचकर अजित पवार विमान हादसे में तांत्रिक अशोक खरात और VSR कंपनी के बीच करोड़ों के लेन-देन का दावा किया। पढ़ें पूरा मामला।
VSR Aircraft, Multi-Crore Transactions, and Tantric Rituals—Was Ajit Dada's Death a Premeditated Conspiracy?
सीआईडी अधिकारियों से मुलाकात करते रोहित पवार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rohit Pawar CID Claim: महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में हुए आकस्मिक निधन को तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन इस घटना से जुड़े रहस्यों की परतें कम होने के बजाय और उलझती जा रही हैं। शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को पुणे स्थित सीआईडी (CID) मुख्यालय पहुंचकर इस मामले में एक सनसनीखेज मोड़ ला दिया है। उन्होंने दावा किया है कि इस हादसे के पीछे एक बड़ा 'तांत्रिक कनेक्शन' और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन छिपा है।

तांत्रिक खरात और मौत की भविष्यवाणी

रोहित पवार ने सीआईडी अधिकारियों से मुलाकात कर नासिक के तथाकथित तांत्रिक अशोक खरात की भूमिका पर सवाल उठाए। रोहित का दावा है कि खरात ने हादसे से पहले ही एक किसान से कहा था कि पवार परिवार पर जल्द ही बड़ा हमला या संकट आने वाला है। रोहित ने आरोप लगाया कि अजित दादा के बारामती स्थित आवास के बाहर एक छोटे नेता के माध्यम से तांत्रिक अनुष्ठान कराए गए थे। इतना ही नहीं, उनके घर के बाहर एक बकरी लटकी हुई मिली थी, जो किसी बड़े अनिष्ट की ओर संकेत कर रही थी। उन्होंने पूछा कि आखिर किसके इशारे पर ये तांत्रिक क्रियाएं की जा रही थीं?

करोड़ों का लेन-देन और वित्तीय संदिग्धता

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा वित्तीय लेन-देन को लेकर हुआ है। रोहित पवार ने दावा किया कि जिस दिन अजित पवार का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उसी दिन वीएसआर (VSR) कंपनी को ₹9 करोड़ मिले थे। इसके अलावा, 27, 28 और 29 जनवरी को तांत्रिक अशोक खरात के बैंक खाते में अचानक करोड़ों रुपये जमा हुए। रोहित ने सवाल उठाया कि एक तांत्रिक के पास अचानक इतनी बड़ी राशि कहाँ से आई? क्या यह पैसा किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था? उन्होंने सीआईडी से मांग की है कि इन तीन दिनों के बैंक ट्रांजेक्शन की गहनता से जांच की जाए।

पार्थ पवार की उसी कंपनी के विमान से यात्रा

इस पूरे विवाद के बीच एक और दिलचस्प घटनाक्रम देखने को मिला। अजित पवार के पुत्र पार्थ पवार ने मंगलवार को मुंबई से पुणे की यात्रा के लिए उसी वीएसआर कंपनी के विमान का इस्तेमाल किया, जिसमें उनके पिता का निधन हुआ था। पुणे में सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती की शादी के उपलक्ष्य में आयोजित स्नेहभोज में शामिल होने के लिए पार्थ इस विमान से पहुंचे। रोहित पवार ने इस पर भी आश्चर्य जताया कि जिस कंपनी के विमान ने परिवार का इतना बड़ा सदस्य खोया, उसी का उपयोग दोबारा किया जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com