पुणे रेलवे स्टेशन का 473 करोड़ से होगा कायाकल्प, मिलेंगे 6 नए प्लेटफॉर्म और दो नई ट्रेनों की सौगात

Pune Railway project: 473 करोड़ से बदलेगा पुणे रेलवे स्टेशन का स्वरूप। रेल मंत्री ने किया रिमॉडलिंग का शिलांयास, शिर्डी व दानापुर के लिए नई ट्रेनें शुरू और आलंदी में बनेगा मेगा टर्मिनल
Pune Station to get 473 cr revamp with 6 new platforms. Railway Minister Ashwini Vaishnaw flags off new trains to Shirdi & Danapur, and announces Alandi terminal.
अश्विनी वैष्णव (फाइल फोटो, सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune Railway project Amrit Bharat Express: पुणे रेलवे स्टेशन को देश के सबसे आधुनिक रेलवे टर्मिनलों में शामिल करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को 473 करोड़ रुपये की लागत वाली पुणे यार्ड रिमॉडलिंग एवं स्टेशन विस्तार परियोजना का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने साईनगर शिर्डी दैनिक एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि अगले 1000 दिनों में पुणे स्टेशन की रेल परिचालन क्षमता लगभग दोगुनी हो जाएगी और इसका स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, विधायक विवेक कोल्हे तथा मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वर्तमान में पुणे रेलवे स्टेशन पर छह प्लेटफॉर्म हैं, जहां प्रतिदिन 200 से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है और करीब डेढ़ लाख यात्री आवागमन करते हैं।

धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

  • बढ़ते दबाव को देखते हुए स्टेशन विस्तार परियोजना के तहत छह नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। प्लेटफॉर्म संख्या 7 से 12 तक के निर्माण के साथ-साथ मौजूदा प्लेटफॉर्म संख्या 2 से 6 का विस्तार भी किया जाएगा, ताकि 24 से 26 कोच वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन आसानी से किया जा सके।
  • रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यार्ड रिमॉडलिंग के बाद ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुचारु होगी और परिचालन संबंधी देरी में उल्लेखनीय कमी आएगी।
  • इस अवसर पर रेल मंत्री ने पुणे-साईनगर शिर्डी दैनिक एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई ट्रेन सेवा से पुणे, अहमदनगर, राहुरी, बेलापुर और शिर्डी क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभमिलेगा।
  • रेलवे का मानना है कि इससे साईं बाबा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी और धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

बिहार जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत

कार्यक्रम में एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत भी की गई। यह ट्रेन महाराष्ट्र और बिहार के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती - प्रदान करेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन संख्या 11431 प्रत्येक शनिवार को पुणे से रवाना होगी और दानापुर तक नियमित साप्ताहिक सेवा देगी।

आलंदी में मेगा कोचिंग टर्मिनल

रेल मंत्री ने बताया कि पुणे के निकट आलंदी में आधुनिक मेगा कोचिंग टर्मिनल विकसित किया जाएगा। यहां नौ नए प्लेटफॉर्म, सात पिट लाइन और 17 स्टेबलिंग लाइन बनाई जाएंगी। ट्रेनों के रखरखाव और सफाई का अधिकांश कार्य वहीं किया जाएगा, जिससे पुणे स्टेशन पर बढ़ता परिचालन दबाव कम होगा।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पुणे देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में शामिल है और रेलवे भी उसी गति से अपनी ढांचागत मूलभूत संरचना का विस्तार कर रहा है। आने वाले वर्षों में पुणे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं, बेहतर यात्री सेवाओं और उन्नत परिचालन क्षमता के साथ प्रमुख रेलवे केंद्रों में अपनी पहचान स्थापित करेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com