राहुल गांधी का पुणे दौरा: छात्रों की गूंज ने बढ़ाई हलचल; रिकॉर्ड भीड़ के साथ महाराष्ट्र कांग्रेस का पावर शो

Pune Students Event: राहुल गांधी के पुणे दौरे पर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं और छात्राओं की रिकॉर्ड भीड़ जुटी। शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सवाल उठे।
Rahul Gandhi Pune Student Event
राहुल गांधी के पुणे दौरे पर छात्रों की गूंजसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Rahul Gandhi Pune Student Event: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पुणे दौरे और 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर युवाओं में उत्साह ने शहर समेत पूरे महाराष्ट्र कांग्रेस कैडर में नई ऊर्जा का संचार कर दिया है। शनिवार को आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में युवाओं विशेषकर छात्राओं की रिकॉर्ड भीड़ ने कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के हौसले बुलंद कर दिए है।

हालांकि इस आयोजन को गैर-राजनीतिक मंच का रूप देकर विद्यार्थियों की समस्याओं को राष्ट्रीय पटल पर उठाने का जरिया बताया गया, लेकिन इसके जरिये मिले विशाल जनसमर्थन को राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में कांग्रेस के लिए एक बड़े 'बूस्टर डोज' के रूप में देखा जा रहा है। 'छात्रों की गूंज' के आयोजन को लेकर कांग्रेस ने पिछले कई दिनों से पुणे में व्यापक तैयारियां की थी।

राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं के साथ ही शहर कांग्रेस, युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मैदान में सक्रिय थे। राहुल गांधी के पहुंचने से पहले ही कार्यक्रम स्थल विद्यार्थियों से भर गया था। रिकॉर्ड भीड़ और युवाओं के उत्साह ने कांग्रेस के संगठनात्मक तंत्र को भी नई ऊर्जा दी।

विशेष रूप से छात्राओं की उपस्थिति और उनकी ओर से बेबाकी से पूछे गए सवालों ने कार्यक्रम को अलग पहचान दी। शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, महिला सुरक्षा, समान अवसर और सामाजिक दबाव जैसे मुद्दों पर विद्यार्थियों ने अपनी बात रखी।

एकजुट दिखा कांग्रेस का संगठन

कार्यक्रम में कांग्रेस का राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय नेतृत्व एक मंच पर नजर आया। राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा और सुप्रिया श्रीनेत, सांसद विशाल पाटील, सांसद छत्रपति शाहू महाराज, प्रणिति शिंदे, प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के साथ नाना पटोले, विजय वडेट्टीवार, यशोमती ठाकुर, सतेज पाटील, बालासाहेब थोरात, नसीम खान और विश्वजीत कदम सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। महाविकास आघाड़ी के घटक दलों की मौजूदगी भी दिखाई दी।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की नेता सुषमा अंधारे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पाटील ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पुणे शहर कांग्रेस के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ युवक कांग्रेस तथा एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी ने पार्टी की एकजुटता का संदेश दिया।

Students echo Rahul Gandhi's Pune visit
राहुल गांधी के पुणे दौरे पर छात्रों की गूंजसोर्स- सोशल मीडिया
Rahul Gandhi Pune Student Event
राहुल गांधी के खाने और दिखाने के दांत अलग! फडणवीस का बड़ा तंज, बाेले- उनकी कथनी और करनी में अंतर है

युवाओं से जुड़ने की कांग्रेस की कोशिश

महाराष्ट्र में कांग्रेस के सामने युवा मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने की चुनौती है। ऐसे में राहुल गांधी का पुणे दौरा और 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक भाषणों के बजाय युवाओं को बोलने का अवसर देकर काग्रेस ने संवाद का नया तरीका अपनाने की कोशिश की, राहुल गांधी की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राष्ट्रीय महत्व दिया, जबकि राज्य और स्थानीय नेताओं की सक्रिय भागीदारी ने संगठन की ताकत दिखाई।

यही कारण है कि "छात्रों की गूंज' के बाद पुणे कांग्रेस में नई सक्रियता और उत्साह दिखाई दे रहा है। कार्यक्रम की भीड़ और युवाओं की भागीदारी को देखते हुए कांग्रेस नेताओं का मानना है कि राहुल गांधी के इस दौरे ने पुणे ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र में पार्टी को राजनीतिक रूप से भी नई संजीवनी दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com