

Pune News In Hindi: पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) ने शहर की सबसे जटिल ट्रैफिक समस्याओं में शामिल सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय चौक (आचार्य आनंदऋषिजी चौक) पर बड़ी राहत देने की तैयारी पूरी कर ली है।
यहां बनाया गया अत्याधुनिक दोमंजिला फ्लाईओवर अब लगभग तैयार हो चुका है और इसे अगले महीने आम नागरिकों के लिए खोलने की योजना है।यह फ्लाईओवर शुरू होते ही सेनापति बापट रोड, गणेशखिंड, बाणेर, पाषाण और औंध की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
अब तक इस चौक पर दिनभर लंबा जाम लगा रहता था, जिससे ऑफिस जाने वाले आईटी पेशेवरों, छात्रों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी।
पीएमआरडीए आयुक्त योगेश म्हसे के अनुसार, फ्लाईओवर के मुख्य हिस्से का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। केवल कुछ फिनिशिंग कार्य शेष हैं, जिन्हें तेजी से पूरा किया जा रहा है। बाणेर और पाषाण की दिशा में जाने वाले रैंप का कार्य अभी जारी है, जिसे पूरा होने में लगभग दो महीने का समय लगेगा। हालांकि, मुख्य पुल तैयार होने के कारण फ्लाईओवर को एक महीने के भीतर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका दोमंजिला डिजाइन है। निचले स्तर पर निजी और सार्वजनिक वाहन चलेंगे, जबकि ऊपरी स्तर पर मेट्रो सेवा संचालित की जाएगी। यह डिजाइन सड़क और रेल यातायात को अलग-अलग स्तर पर संचालित कर जाम की समस्या को स्थायी रूप से कम करेगा।
माग से यूनिवर्सिटी चौक के बीच मेट्रो का सफल ट्रायल पहले ही किया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार, इस साल के अंत तक इस मार्ग पर मेट्रो सेवा शुरू होने की संभावना है। इससे छात्रों, आईटी प्रोफेशनल्स और दैनिक यात्रियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म होगा।