

Pune Railway Station TTE RPF Reunite Lost Child: सतर्कता और त्वरित समन्वय से मध्य रेल के टीटीई और आरपीएफ कर्मियों ने पुणे रेलवे स्टेशन पर अपनी मां से बिछड़े 5 वर्षीय बच्चे को सकुशल खोजकर उसे उसकी मां के हवाले कर दिया। मात्र 10 मिनट में इस त्वरित कार्रवाई से एक परिवार को बड़ा संकट टल गया।
घटना 5 अगस्त 2026 की रात गाड़ी संख्या 11021 दादर-तिरुनेलवेली चालुक्य एक्सप्रेस में हुई। कोच एस-6 में यात्रा कर रही रेवती को ट्रेन के पुणे स्टेशन से रवाना होने के बाद पता चला कि उनका पांच साल का बेटा उनके साथ नहीं है। पूछताछ में पता चला कि बच्चा अनजाने में एक अन्य यात्री के साथ पुणे स्टेशन पर ही ट्रेन से उतर गया था। बेटे के लापता होने से घबराई मां ने कोच में मदद की गुहार लगाई।
ड्यूटी पर तैनात टीटीई शंभू कुमार यादव ने तुरंत स्थिति को गंभीरता से लिया। उन्होंने ट्रेन कंडक्टर अरविंद महतो और पुणे के चीफ क्रू कंट्रोलर को जानकारी दी। साथ ही बिना देर किए पुणे आरपीएफ से संपर्क कर लापता बच्चे का फोटो साझा किया। पुणे स्टेशन पर मौजूद आरपीएफ टीम ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए सिर्फ 10 मिनट में बच्चे को सुरक्षित ढूंढ निकाला। इसके बाद आरपीएफ ने बच्चे का फोटो टीटीई को भेजा, जिसकी पुष्टि उसकी मां ने तुरंत कर दी।
इसके बाद श्रीमती रेवती अगले ठहराव सातारा स्टेशन पर ट्रेन से उतरीं और वहां से वापस पुणे लौटकर अपने बेटे से मिलीं। मां-बेटे का पुनर्मिलन होते ही माहौल भावुक हो गया।
ट्रेन में मौजूद यात्रियों और रेवती ने मध्य रेल की तत्परता और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की। मध्य रेल ने टीटीई शंभू कुमार यादव की सजगता और प्रभावी समन्वय की प्रशंसा की है। रेलवे के अनुसार समय पर किए गए प्रयासों की वजह से ही बच्चे को सुरक्षित उसकी मां से मिलाया जा सका। मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत टीटीई, ट्रेन कंडक्टर या रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर संपर्क करें।