

Pune News In Hindi: पुणे महानगरपालिका चुनाव के प्रभाग क्रमांक 13 (पुणे स्टेशन-जय जवान नगर) के नतीजों में जबरदस्त राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला है।
इस प्रभाग की मतगणना सुबह करीब साढ़े दस बजे शुरू हुई, लेकिन शुरुआत से ही केंद्र के प्रवेश द्वार पर पुलिस और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद की स्थिति बनी रही।
मतगणना के शुरुआती दौर में यानी पांचवें राउंड तक कांग्रेस का पलड़ा भारी नजर आ रहा था और पार्टी के चारों उम्मीदवार अच्छी बढ़त के साथ आगे चल रहे थे। लेकिन छठे राउंड के दौरान एक ऐसा मोड़ आया जब अचानक मतगणना की प्रक्रिया को आधे घंटे के लिए रोकना पड़ा, जिससे केंद्र पर तनाव बढ़ गया।
अंतिम दो राउंड यानी छठे और सातवे राउंड की गिनती पूरी होने के बाद जब आधिकारिक परिणाम घोषित किए गए तो भाजपा ने यहां एक बड़ी सीट झटकने में सफलता हासिल की। भाजपा के निलेश आल्हाट को कुल 10,886 वोट मिले और उन्होंने कांग्रेस के कुणाल राजगुरु को 897 वोटों के नजदीकी अंतर से हराकर जीत हासिल की। लेकिन भाजपा पार्टी ने एक सीट पर सेंध लगाई, लेकिन बाकी तीन सीटों पर कांग्रेस का दबदबा कायम रहा। कांग्रेस के शहराध्यक्ष अरविंद शिंदे ने 11,777 वोट पाकर अपनी जीत दर्ज की जबकि सुमैय्या नदाफ ने 15,811 और वैशाली भालेराव ने 10,513 मतों के साथ अपनी सीटें सुरक्षित कीं।
मतगणना के शुरुआती रुझानों पर नजर डालें तो दूसरे राउंड के अंत तक निलेश आल्हाट को 2248, दीक्षा गायकवाड को 2013, मयूर गायकवाड को 2084 और कुणाल राजगुरु को 3493 वोट मिले थे। वहीं 'ब' गुट में सुमैय्या नदाफ 6026 वोटों के साथ अपनी बढ़त को लगातार मजबूत कर रही थीं। इस प्रभाग के अंतिम परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर थी, जिसमें कांग्रेस ने तीन और भाजपा ने एक सीट पर अपना परचम लहराया है।