

Pune Metro Swargate Katraj Traffic: पुणेकरों को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वारगेट से कात्रज के बीच भूमिगत मेट्रो का निर्माण कार्य अब बेहद तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
परियोजना के इस महत्वपूर्ण चरण को सुचारु रूप से चलाने के लिए मार्केट यार्ड और बिबवेवाड़ी स्थित प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को नए मार्गों पर स्थानांतरित किया गया है।
पुणे मेट्रो और पुणे महानगर परिवहन महामंडल लिमिटेड (पीएमपीएमएल) ने संयुक्त समन्वय के माध्यम से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह नई यातायात योजना लागू की है, जिसके तहत बस सेवाओं के मार्गों में कई बदलाव किए गए हैं।
इस नई व्यवस्था के तहत कात्रज से स्वारगेट मार्ग (डाउन लाइन) पर मोरेबाग से भापकर पेट्रोल पंप के बीच पीएमपीएमएल बसें अब सड़क के बीच स्थित बीआरटीएस लेन के बजाय फुटपाथ के किनारे बनाई गई विशेष डायवर्जन लेन से चलेंगी। वहीं, स्वारगेट से कात्रज मार्ग (अप लाइन) पर भी भापकर पेट्रोल पंप से मोरेबाग तक बसें फुटपाथ के किनारे से गुजरेंगी और नथूबाग बस स्टॉप के आगे पुनः अपने मूल मार्ग पर लौटेंगी।
निर्माण क्षेत्र में बीआरटीएस बस स्टॉप को अस्थायी रूप से बंद कर फुटपाथ किनारे नए अस्थायी स्टॉप बनाए गए हैं। पुणे मेट्रो ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए इस काम को समय पर पूरा करने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की है और सुचारु यातायात के लिए ट्रैफिक मार्शलों की तैनाती भी की है।