पुणे में बड़ा हादसा: LPG सिलेंडर लगाते वक्त हुआ जोरदार धमाका, 2 की मौत; पहली मंजिल से कूदकर मासूम ने बचाई जान

Pune LPG Cylinder Blast: पुणे के खंडवे नगर में नया एलपीजी गैस सिलेंडर लगाते समय हुए रिसाव और धमाके से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 वर्षीय बच्ची ने पहली मंजिल से कूदकर जान बचाई।
Pune LPG Cylinder Blast Accident
पुणे में सिलेंडर ब्लास्ट से घर जला घर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Pune Cylinder Blast Accident: महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक दर्दनाक हादसा हुआ। पुणे के खंडवे नगर इलाके में शुक्रवार सुबह एक घर में LPG गैस सिलेंडर बदलते समय अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस भीषण हादसे में दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है और फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। इस डरा देने वाले हादसे के बीच एक 6 साल की मासूम बच्ची ने सूझबूझ दिखाते हुए पहली मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

नया सिलेंडर लगाते वक्त हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक घर में एलपीजी सिलेंडर खत्म होने के बाद नया सिलेंडर लगाया जा रहा था। इसी दौरान गैस रिसाव हुआ और गैस पूरे कमरे में फैल गई। कुछ देर बाद इसमें जोरदार ब्लास्ट हुआ। इससे पूरा घर आग की चपेट में आ गया।

अग्निशमन विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9:15 बजे खंडवे नगर स्थित एक मकान में आग लगने और सिलेंडर विस्फोट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही खराडी, धानोरी और येरवडा फायर स्टेशन से तीन दमकल वाहन मौके पर भेजे गए।

दमकलकर्मियों के पहुंचने तक ग्राउंड प्लस पहली मंजिल पर भीषण आग फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत पानी की बौछार शुरू कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

सिलेंडर ब्लास्ट में झुलसे दो लोगों की मौत

इस हादसे में विष्णु गीते (60), रुंदीवनिका विष्णु गीते (50) और पांडुरंग विष्णु गीते (35) गंभीर रूप से झुलस गए थे। इनमें से दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

इस दर्दनाक घटना के बीच छह वर्षीय निहारिका गीते की सूझबूझ ने उसकी जान बचा ली। आग और धुएं से घिरने के बाद निहारिका ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी। इस दौरान उसे और उसकी मां को मामूली चोटें आईं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि आग में फ्लैट का हॉल पूरी तरह जलकर खाक हो गया। फर्नीचर, टेलीविजन, बिजली की वायरिंग और अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गए। बाथरूम और शौचालय के दरवाजे, गीजर, रसोई में रखा फ्रिज और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गए। पूरे फ्लैट में धुआं भर जाने से दीवारें काली पड़ गईं।

दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद कूलिंग ऑपरेशन चलाया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com