पुणे में एक और हिट एंड रन का मामला, NCP नेता के बेटे ने SUV से टेम्पो को मारी टक्कर, देखें वीडियो

पूर्व उप महापौर और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-एसपी) के नेता बंडू गायकवाड़ के बेटे ने कथित तौर पर अपनी एसयूवी गाड़ी से एक टेम्पो को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए।
NCP leader son hits tempo with SUV 3 injured
पुणे में एक और हिट एंड रन का मामला (फोटो सौजन्यः वीडियो स्क्रीनग्रैब)
Published on
Updated on

पुणे: पुणे में एक और हिट एंड रन का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शहर के पूर्व उप महापौर और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-एसपी) के नेता बंडू गायकवाड़ के बेटे ने कथित तौर पर अपनी एसयूवी गाड़ी से एक टेम्पो को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए। कहा जा रहा है कि हादसे के वक्त बंडू गायकवाड़ का बेटा सौरभ गायकवाड़ नशे में था। इस हादसे का एक वीडियों भी सामने आया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एसयूवी रास्ते से आ रहे मुर्गियों से भरे टेम्पो से टकरा जाती है। हादसे के कारण टेम्पो की मुर्गियां रास्ते पर गिर जाती है। इस  घटना में दोनों गाडियों को भारी नुकसान हुआ है। पुलिस ने बताया कि टेम्पो चालक और उसका सहायक भी हादसे में घायल हो गए।

हादसे में एनसीपी नेता के बेटा भी घायल

पुलिस ने बताया कि बंडू गायकवाड़ का बेटा सौरभ गायकवाड़ (25) गलत दिशा में 'टाटा हैरियर' चला रहा था, जिससे मंगलवार तड़के पुणे स्थित मंजरी-मुंधवा रोड पर यह हादसा हो गया, जिसमें वह भी घायल हो गया।  पुलिस के अनुसार हादसे के बाद तीनों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "हमने सौरभ गायकवाड़ के खिलाफ शिकायत दर्ज की है, जो कथित तौर पर लापरवाही से और गलत दिशा में गाड़ी चला रहा था। हमने उसे हिरासत में नहीं लिया है, क्योंकि अभी अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है।"

दो महीने में तीसरा वीवीआईपी हिट एंड रन का मामला

जानकारी के लिए बता दें कि महाराष्ट्र में बीते दो महीने में यह तीसरा वीवीआईपी हिट एंड रन का मामला है। इससे पहले मई महीने में पुणे के कल्याणी नगर में 17 साल के नाबालिग ने पोर्श कार से दो लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में दो आईटी पेशेवरों की मौत हो गई थी। इस हादसे के दो महीने बाद 7 जुलाई को मुंबई के वर्ली में शिवसेना नेता राजेश शाह के बेटे मिहिर शाह ने बीएमडब्ल्यू से एक महिला को टक्कर मार दी थी। इसमें 45 साल की महिला की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने शिवसेना नेता के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com