Pune First Branding Campaign: पुणे मनपा का ‘पुणे प्रथम’ अभियान शुरू, शहर को मिलेगी नई वैश्विक पहचान

Pune First Branding Campaign: पुणे महानगरपालिका ने शहर की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास को नई पहचान देने के लिए ‘पुणे प्रथम’ ब्रांडिंग अभियान शुरू किया है। इसी थीम का उपयोग अनिवार्य होगा। 
Pune PMC Monsoon Preaparation News
पुणे मनपा (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Pune First Branding Campaign PMC: शहर की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक वैभव और आधुनिक विकास को एक नई एवं सुदृढ़ पहचान दिलाने के उद्देश्य से पुणे महानगरपालिका (मनपा) ने 'पुणे प्रथम' नामक एक अत्यंत महत्वाकांक्षी ब्रांडिंग अभियान की शुरुआत की है।

इस विशेष पहल के माध्यम से मनपा ने शहर की छवि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावशाली बनाने का लक्ष्य रखा है। महापौर मंजूषा नागपुरे द्वारा पार्टी नेताओं की बैठक में प्रस्तुत इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई है। इसके पश्चात अब मनपा की सभी परियोजनाओं, नई नीतियों और प्रशासनिक कार्यों में 'पुणे प्रथम' की ब्रांडिंग का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया है।

विशेष प्रतीक चिह्न (लोगो) को अंतिम मंजूरी

  • प्रशासन का मानना है कि पुणे प्रथम' केवल एक नारा या टैगलाइन मात्र नहीं है, बल्कि यह शहर के विकास में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, प्रभावी जनसंवाद और पुणेकरों की सामूहिक जिम्मेदारी का जीवंत प्रतीक बनेगा।
  • महानगर पालिका ने इस अभियान को औपचारिक रूप देते हुए 'पुणे प्रथम' को अपनी आधिकारिक 'थीम' के रूप में स्वीकार कर लिया है और इसके लिए एक विशेष प्रतीक चिह्न (लोगो) को भी अंतिम मंजूरी प्रदान की है। इस ब्रांडिंग नीति के सफल क्रियान्वयन और प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मनपा के हेरिटेज विभाग को सौंपी गई है। हेरिटेज विभाग को इस परियोजना के लिए 'नोडल विभाग' नियुक्त किया गया है, जो नीति का विस्तृत मसौदा तैयार करने, आवश्यक प्रशासनिक मंजूरियां लेने और सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूर्ण करने का कार्य करेगा।
  • प्रशासन 'भारतीय प्रतीक चिहन और नाम अधिनियम 1950' तथा 'ट्रेडमार्क कानून' के तहत 'पुणे प्रथम' के लोगों और टैगलाइन का आधिकारिक पंजीकरण भी कराएगा, ताकि इसकी विशिष्टता और सुरक्षा बनी रहे। इस ब्रांड के भव्य शुभारंभके लिए शीघ्र ही एक सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

प्रमुख उद्देश्य

  • शहर की एक विशिष्ट और एकसमान पहचान स्थापित करना।
  • जनभागीदारी के माध्यम से विकास प्रक्रिया को गति देना।
  • सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास के मध्य सतुलन बनाए रखना।
  • सभी सरकारी परियोजनाओं में एक समान ब्रांडिंग प्रणाली लागू करना।

सख्त अनुपालन और भविष्य की कार्ययोजना

भविष्य की कार्ययोजना को लेकर महापौर मंजूषा नागपुरे ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी नई परियोजना के नियोजन, प्रस्ताव या बजट की स्वीकृति के समय उसमें 'पुणे प्रथम' ब्रांडिंग के मानदंडों को शामिल करना अनिवार्य होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com