

पुणे में ₹31 लाख का 10,888 किलो पनीर और खोया नष्ट।
बावधन, कसबा पेठ और बिबवेवाड़ी में FDA की कार्रवाई।
अस्वच्छ भंडारण और परिवहन के कारण माल जब्त किया गया।
Pune FDA Action Paneer Khoya Seizure: त्योहारों के दौरान दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पुणे में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने अलग-अलग इलाकों से कुल 10,888 किलो पनीर और खोया जब्त कर नष्ट किया। जब्त किए गए माल की कीमत 31 लाख 6 हजार 680 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई बावधन, कसबा पेठ और बिबवेवाड़ी में की गई।
पुणे शहर में FDA के अनुसार, बावधन में कर्नाटक नंबर वाले एक वाहन से 3,520 किलो पनीर जब्त किया गया। कसबा पेठ में 3,235 किलो और बिबवेवाड़ी में 3,413 किलो पनीर बरामद हुआ।
इसके अलावा, कसबा पेठ में डेगले पुल के पास स्थित शिवशंकर डेयरी से 720 किलो खोया जब्त किया गया। विभाग ने कुल 10,888 किलो दुग्ध उत्पादों को नष्ट कर दिया।
FDA की जांच में सामने आया कि दुग्ध उत्पादों का परिवहन और भंडारण नियंत्रित तापमान में नहीं किया जा रहा था। इसके साथ ही, सीलबंद रूप में बेचे जाने वाले पनीर की खुले में और अस्वच्छ वातावरण में बिक्री की जा रही थी।
खाद्य सुरक्षा के लिहाज से इन उत्पादों को संदिग्ध मानते हुए नष्ट करने का निर्णय लिया गया। संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
FDA ने ग्राहकों से पनीर, खोया और अन्य दुग्ध उत्पाद खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करने की अपील की है। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को असुरक्षित खाद्य पदार्थों से बचाना है।