जहां अधिकारी डरेंगे, वहां खुद खड़े होकर करूंगा अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई, आयुक्त नवल किशोर राम का बयान

Pune Encroachment Drive: पुणे में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मनपा का अभियान तेज हो गया है। मनपा आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि जहां अधिकारी कार्रवाई करने से डरेंगे, वहां वे खुद मौके पर कार्रवाई करवाएंगे।
pune encroachment drive commissioner naval kishor ram
पुणे अतिक्रमण हटाओ अभियान(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पुणे मनपा आयुक्त नवल किशोर राम ने कहा कि जहां अधिकारी कार्रवाई करने से डरेंगे, वहां वे खुद मौके पर मौजूद रहेंगे।

  • शहर में अब तक कुल अतिक्रमण का केवल 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा ही हटाया जा सका है।

  • पुणे में करीब 22 हजार फेरीवाले पंजीकृत हैं, जबकि वास्तविक संख्या लगभग 3 लाख होने का अनुमान है।

  • फेरीवालों के पुनर्वास के लिए खाली जगहों और सब्जी मंडियों का सर्वेक्षण कर सेंटर मार्केट विकसित किए जाएंगे।

Pune Municipal Commissioner: पुणे शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के दौरान जहां अधिकारी जाने से डरेंगे, वहां मैं खुद मौके पर खड़ा रहकर कार्रवाई करवाऊंगा। अधिकारियों को किसी के दबाव या नाराजगी से डरने की जरूरत नहीं है। उन्हें सुरक्षा और समर्थन देना मेरी जिम्मेदारी है, यह स्पष्ट रुख पुणे महानगरपालिका (मनपा) आयुक्त नवल किशोर राम ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि शहर में एक सप्ताह से अधिक समय से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद अब तक कुल अतिक्रमण का केवल 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा ही हटाया जा सका है। कई जगहों पर जनप्रतिनिधियों का दबाव रहता है। कार्रवाई करने पर उनके रोष का सामना करना पड़ता है।

ऐसे में अधिकारियों को तबादले या अन्य कार्रवाई का डर सताता है। इस वजह से वे कुछ स्थानों पर कार्रवाई करने से बचते हैं। अधिकारियों को ऐसे दबाव से बाहर निकालकर उनका मनोबल बढ़ाना जरूरी है। इसलिए जहां अधिकारी कार्रवाई करने से हिचकिचाएंगे, वहां मैं खुद मौजूद रहूंगा, ऐसा आयुक्त राम ने कहा।

फेरीवालों के लिए अधिकृत जगहें बनाना जरूरी

आयुक्त ने कहा कि फेरीवालों और अनधिकृत सब्जी मंडियों के खिलाफ केवल कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। उनके लिए वैकल्पिक और अधिकृत जगहों की व्यवस्था करना भी जरूरी है। शहर में करीब 22 हजार फेरीवालों का पंजीकरण है, जबकि वास्तव में यह संख्या लगभग तीन लाख तक पहुंचने का अनुमान है। यानी पंजीकृत फेरीवालों की तुलना में वास्तविक संख्या करीब दस गुना अधिक है। पंजीकरण नहीं होने के कारण अनधिकृत फेरीवालों का शोषण होता है। उनसे पुलिस, मनपा कर्मचारियों या अन्य लोगों की ओर से पैसे वसूले जाने की शिकायतें सामने आती हैं। ऐसे फेरीवालों का भी पंजीकरण करने की जरूरत है। इच्छुक लोगों को इसके लिए अवसर दिया जाना चाहिए, ऐसा मत आयुक्त ने व्यक्त किया।

pune encroachment drive commissioner naval kishor ram
पुणे अतिक्रमण हटाओ अभियान(सोर्सः सोशल मीडिया)

खाली जगहों का होगा सर्वेक्षण

फेरीवालों के पुनर्वास के लिए शहर की खाली जगहों, खाली सब्जी मंडियों और गोठों का सर्वेक्षण किया जाएगा। इन स्थानों का उपयोग कर सेंटर मार्केट विकसित करने की योजना बनाई जाएगी। इसके लिए व्यवस्थित नियोजन करना होगा। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि केवल अतिक्रमण हटाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इसके साथ ही फेरीवालों के लिए अधिकृत और सुविधाजनक विकल्प तैयार करना भी जरूरी है।

pune encroachment drive commissioner naval kishor ram
Gold-Silver Price: मुंबई और नागपुर में महंगा हुआ सोना-चांदी, जानें 28 नवंबर के ताजा भाव

पुणे में अतिक्रमणों पर कार्रवाई

पुण महानगरपालिका (मनपा) की ओर से शहर में अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार (27 नवंबर) को मनपा के छह जोन में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 2 लाख 20 हजार 530 वर्गफुट क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया। खराड़ी, केशवनगर, धायरी, नरहे, बावधन और कात्रज सहित विभिन्न इलाकों में कार्रवाई की गई।

मनपा के जोन-1 में खराड़ी पूर्व के बायपास रोड, गांवठाण रोड और जेनस्टार आईटी पार्क रोड पर 41 हजार 150 वर्गफुट क्षेत्र खाली कराया गया। वहीं केशवनगर-मांजरी रोड और रेणुका माता मंदिर चौक पर 28 हजार 800 वर्गफुट क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया। इस जोन में कुल 69 हजार 950 वर्गफुट क्षेत्र खाली कराया गया। जोन-2 में पुराने और नए धायरी में उमर्या गणपति चौक से परी चौक तक 27 हजार 200 वर्गफुट तथा नवले में कंट्रोल चौक से नवले हॉस्पिटल के पीछे तक 24 हजार 300 वर्गफुट क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया। यहां कुल 51 हजार 500 वर्गफुट क्षेत्र खाली कराया गया।

pune encroachment drive commissioner naval kishor ram
नागपुर के 3 प्रमुख मंदिरों के विकास के लिए 10.08 करोड़ रुपये मंजूर, सरकार ने जारी किया जीआर

एक दिन में 2.20 लाख वर्ग फुट क्षेत्र खाली कराया

जोन-3 में बावधन खुर्द और चांदनी चौक-भूगांव रोड पर 33 हजार 780 वर्गफुट क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया। जोन-4 में कोरेगांव पार्क की लेन नंबर 5, 6 और 7 तथा वाकडेवाड़ी में 17 हजार 800 वर्गफुट क्षेत्र खाली कराया गया। जोन-5 में बिबवेवाड़ी, अपर और बिबवेवाड़ी रोड पर 12 हजार 500 वर्गफुट तथा धनकवड़ी-कात्रज क्षेत्र में 35 हजार वर्गफुट क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया। इस जोन में कुल 47 हजार 500 वर्गफुट क्षेत्र खाली कराया गया। वहीं, जोन-6 में डीपी रोड को लेकर शुक्रवार को नोटिस जारी किए गए। हालांकि, कर्मचारियों की उपलब्धता नहीं होने के कारण इस जोन में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।