Pune Municipal Election Result: भाजपा गुट का पंजीकरण पूरा, गणेश बिडकर ने दिखाई विकास की दिशा

PMC Elections में ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा गुट का पंजीकरण पूरा हो गया है। नव नियुक्त गुट नेता गणेश बिडकर ने कहा कि पुणेकरों के भरोसे पर खरा उतरते हुए विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
Ganesh Bidkar
गणेश बिडकर (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Pune News In Hindi: पुणे महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद नव नियुक्त गुट नेता गणेश बिडकर ने शहर के विकास को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई है।

उन्होंने कहा कि पुणेकरों ने 119 नगरसेवकों को चुनकर भाजपा पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। भाजपा के नवनिर्वाचित नगरसेवकों के गुट का आधिकारिक पंजीकरण पूर्ण होने के बाद बिडकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। विधानभवन में विभागीय आयुक्त चंद्रकांत पुलकुंडवार की उपस्थिति में पुणे मनपा भाजपा गुट का पंजीकरण संपन्न हुआ।

मनपा में भाजपा की भूमिका हुई और मजबूत: बिडकर

इस अवसर पर भाजपा शहर अध्यक्ष धीरज घाटे सहित पार्टी के सभी नवनिर्वाचित नगरसेवक मौजूद थे। गुट के पंजीकरण के साथ ही पुणे महानगरपालिका में भाजपा की भूमिका औपचारिक रूप से और अधिक मजबूत हो गई है।

गणेश बिडकर ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने लगातार तीसरी बार उन्हें गुट नेता की जिम्मेदारी सौंपी है, जो उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुणे को अधिक गतिशील, सुरक्षित और नागरिकों के अनुकूल शहर बनाने के लिए ठोस और दूरदर्शी निर्णय लिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मेट्रो परियोजनाओं, नदी सुधार कार्यों, सड़क विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सभी प्रोजेक्ट्स को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही आम नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि पुणे का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com