पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो की 32 उड़ानें रद्द, सैकड़ों यात्री फंसे, जानें लेटेस्ट अपडेट

Pune Airport Chaos: इंडिगो के परिचालन दल की कमी के कारण पुणे एयरपोर्ट पर शुक्रवार को 32 उड़ानें रद्द हुईं। हवाईअड्डा प्रबंधन ने यात्रियों की आवाजाही संभालने के लिए अतिरिक्त कर्मी लगाए हैं।
Pune Airport
पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो का विमान (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune Airport IndiGo Flights Delays: पुणे हवाईअड्डे पर इंडिगो के परिचालन में भारी बाधा के कारण शुक्रवार को बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द रहीं। आधी रात से सुबह 8 बजे तक इंडिगो की कुल 16 आगमन और 16 प्रस्थान उड़ानें रद्द हुईं। एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की है।

पुणे हवाईअड्डे ने शुक्रवार को बताया कि एयरलाइन परिचालन में बाधा और उसके परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर उड़ानों के रद्द होने के बीच उसने यात्रियों की आवाजाही का प्रबंधन करने के लिए अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की है।

शुक्रवार को 32 उड़ाने रद्द

हवाईअड्डे के अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस दौरान सभी विभागों में समन्वय को मजबूत किया गया है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि शुक्रवार आधी रात से सुबह आठ बजे तक इंडिगो की कुल 16 आगमन उड़ानें और 16 प्रस्थान उड़ानें रद्द कर दी गईं। उन्होंने बताया कि अन्य एयरलाइन का परिचालन सामान्य रहा। हवाईअड्डे ने एक बयान में कहा कि 'पार्किंग बे' पर भीड़भाड़ बनी रही, क्योंकि इंडिगो के कई विमान परिचालन दल के इंतजार में वहीं खड़े रहे। इस वजह से 'पार्किंग बे' की उपलब्धता सीमित हो गई, जिसके परिणामस्वरूप कई विमान कंपनियों के विमानों के आगमन और प्रस्थान में देरी हुई। पुणे हवाईअड्डे की टीम सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए परिचालन, टर्मिनल प्रबंधन, सुरक्षा, 'एप्रन' सेवाओं और यात्री सुविधा के लिए पूरी तरह से सक्रिय हैं।

इंडिगो ने मांगी माफी

इंडिगो ने व्यवधानों के लिए गहरा खेद व्यक्त करते हुए एक बयान में कहा कि स्थिति का रातोंरात हल नहीं होगा। कंपनी ने कहा कि शुक्रवार को सबसे अधिक उड़ानें रद्द होने की आशंका है।

शनिवार को लिए की तैयारी

एयरलाइन ने यह भी लिखा कि वे अपनी सारी व्यवस्थाओं और समय सारिणी को पूरी तरह फिर से तैयार कर रहे हैं, ताकि कल (शनिवार) से लगातार सुधार शुरू हो सके। इंडिगो ने बताया कि अगले दिन से बेहतर शुरुआत की तैयारी के लिए, हवाईअड्डों पर भीड़भाड़ कम करने और परिचालन को आसान बनाने के लिए थोड़े समय के लिए उड़ानें रद्द की जा रही हैं।

एफडीटीएल के कारण डाइवर्ट हुई उड़ान

परिचालन दल की कमी के कारण लागू होने वाले 'फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल)' के कारण नागपुर-पुणे की एक उड़ान को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया। यह व्यवधान लगातार चौथे दिन भी बना रहा, जिसके कारण सैकड़ों उड़ानें रद्द और विलंबित हुईं और यात्री हवाईअड्डों पर फंसे रहे।

हवाईअड्डा प्रशासन यात्रियों की सहायता के लिए एयरलाइन, 'ग्राउंड हैंडलिंग' एजेंसियों, विमान यातायात नियंत्रण (एटीसी), सीआईएसएफ और टर्मिनल सेवा भागीदारों के साथ निकट समन्वय कर रहा है। हवाईअड्डे के अधिकारियों ने इस व्यवधान के दौरान धैर्य रखने के लिए यात्रियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com