

Pune Municipal Corporation Bopodi Demolition: पुणे के बोपोडी स्थित एक करीब 200 साल पुराने धार्मिक स्थल पर मनपा के अतिक्रमण विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की गूंज बुधवार को पुणे महानगर पालिका की सामान्य सभा में सुनाई दी। इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान उस समय भारी तनाव पैदा हो गया, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के नगरसेवक गफूर पठान अपनी बात रख रहे थे और अचानक चार भाजपा नगरसेवक आक्रामक होकर उनकी सीट की तरफ बढ़ गए। इस घटना को लेकर विपक्षी दलों ने तीखी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है और महापौर से इस विषय पर विशेष बैठक बुलाने की मांग की है।
विपक्ष के नेता निलेश निकम ने कहा कि सदन का संचालन सुचारू रूप से करना महापौर की जिम्मेदारी है, लेकिन वे स्थिति को नियंत्रित करने में विफल रहे। कांग्रेस नेता अरविंद शिंदे ने भी चिंता जताते हुए कहा कि अब जनप्रतिनिधियों को ही सुरक्षा की मांग करनी पड़ रही है। पूर्व महापौर प्रशांत जगताप ने भाजपा पर दबाव और दादागिरी की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना के कार्रवाई की और जब पठान ने इस पर चर्चा की मांग की, तो उन्हें डराने का प्रयास किया गया।
पुणे मनपा सदन में हुई इस घटना के विरोध में विपक्षी दलों ने 22 जून को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष काली पट्टी बांधकर आंदोलन करने का ऐलान किया है। वहीं, दूसरी ओर बोपोडी क्षेत्र के उपमहापौर परशुराम वाडेकर की चुप्पी पर भी विपक्षी नगरसेवकों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि वाडेकर ने पहले इस मुद्दे को सदन में जोरदार तरीके से उठाने की बात कही थी, लेकिन वास्तविक सभा के दौरान वे पूरी तरह मौन रहे।