

Pune Bus Price Hike Travel News: गणेशोत्सव के पावन अवसर पर पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ से अपने पैतृक गांव और शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय रेलवे में सीटें फुल होने और लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण हजारों यात्रियों को मजबूरी में निजी ट्रैवल एजेंसियों का सहारा लेना पड़ रहा है। इस मौके का फायदा उठाते हुए निजी बस ऑपरेटरों ने सामान्य दिनों की तुलना में किराए में दो से तीन गुना तक की भारी वृद्धि कर दी है।
पिंपरी-चिंचवड़ में बड़ी संख्या में मराठवाड़ा, विदर्भ और खानदेश के लोग रहते हैं, जो हर साल गणेशोत्सव पर अपने गृहनगर लौटते हैं। इस बार समय पर ट्रेन टिकट न मिलने के कारण इन यात्रियों के सामने निजी बस ही एकमात्र विकल्प बची है। पुणे-नांदेड़ मार्ग पर जिस बस का सामान्य किराया 1,500 रुपये था, उसके लिए अब यात्रियों से 2,500 से 2,700 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। नागपुर, अमरावती, छत्रपति संभाजीनगर, यवतमाल, अकोला, जलगांव और सोलापुर जैसे मार्गों पर भी किराए में भारी उछाल देखा जा रहा है।
पिंपरी-चिंचवड़ के निगड़ी, भोसरी, चिंचवड़, थेरगांव और नासिक फाटा जैसे प्रमुख पिक-अप पॉइंट्स पर यात्रियों का जमावड़ा लगा हुआ है। आने वाले दिनों में विसर्जन के समय तक भीड़ और बढ़ने की संभावना है। यात्रियों की शिकायत है कि सीटों के प्रकार और यात्रा की तारीखों का हवाला देकर ऑपरेटर मनमाना किराया वसूल रहे हैं।
निजी बस संचालकों की इस लूट से त्रस्त यात्रियों ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि आरटीओ को फ्लाइंग स्क्वॉड के जरिए टिकटों की जांच करनी चाहिए और प्रिंटेड किराए से अधिक वसूली करने वाले ऑपरेटर्स के खिलाफ निलंबन व जुर्माने की कार्रवाई करनी चाहिए।