

Pimpri Chinchwad BRT Lane: पिंपरी-चिंचवड़ शहर में सार्वजनिक परिवहन को गति देने के उद्देश्य से बनाए गए बस रैपिड ट्रांजिट (बीआरटी) लेन अब अव्यवस्था का केंद्र बन गए हैं।
पुणे महानगर परिवहन महामंडल (पीएमपीएमएल) की बसों के लिए आरक्षित इन गलियारों में निजी वाहनों की अवैध घुसपैठ से सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गए हैं।
आलंदी, वाकड, भोसरी और निगडी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में दोपहिया और चौपहिया वाहन चालक धड़ल्ले से इन मार्गों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे न केवल बसों की रफ्तार धीमी हो रही है, बल्कि यात्रियों का सफर भी जोखिम भरा हो गया है।
निजी वाहनों के इस हस्तक्षेप के कारण बस चालकों को परिचालन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन चालक या स्थानीय व्यापारी अपनी सुविधा के लिए आरक्षित मार्गों पर ही गाड़ियां पार्क कर देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका सदैव बनी रहती है।
Pimpri Chinchwad महानगर पालिका ने ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने और सीसीटीवी निगरानी जैसे कई कड़े कदम उठाए, लेकिन निरंतर बढ़ती घुसपैठ इन उपायों की विफलता को दर्शाती है। इसका सीधा खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है क्योंकि बसें समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे नौकरीपेशा वर्ग का समय सारणी (शेड्यूल) पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
अवैध वाहनों पर सख्त टोइंग कार्रवाई, भारी जुर्माना और नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए ताकि बीआरटी सेवा अपनी मूल सुगमता और सुरक्षा के साथ संचालित हो सके, - स्थानीय यात्री