

PCMC Development Proposals Decision: पिंपरी-चिंचवड़ महानगर पालिका (पीसीएमसी) की गुरुवार (20 अगस्त) को आयोजित होने वाली साधारण सभा में शहर के बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक नीतियों से जुड़े 31 प्रमुख प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
महापौर रवि लांडगे की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राजनीतिक हलकों से लेकर आम नागरिकों की निगाहें टिकी हुई हैं। बैठक के दौरान मेट्रो विस्तार, नई पार्किंग नीति, भूमि अधिग्रहण और कर्मचारी कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
सभा की विषय-सूची में सबसे प्रमुख मुद्दा स्वीकृत नगरसेवकों के चयन का रखा गया है। पूर्व में 15 जून की बैठक के दौरान सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस विषय को स्थगित कर दिया गया था।
तत्कालीन मनपा आयुक्त श्रावण हर्डीकर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के 3 और भारतीय जनता पार्टी के 7, कुल मिलाकर 10 मनोनीत नगरसेवकों के नामों को वैध ठहराया था। इस विषय पर सत्ताधारी दल के रुख को लेकर राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता बनी हुई है।
शहर के विकास से जुड़े प्रस्तावों में निगडी से चाकण तक 45.295 किलोमीटर लंबे मेट्रो मार्ग का 12,937.23 करोड़ रुपये का संशोधित डीपीआर शामिल है।
इसके अलावा बौहडिवाड़ी से वाकड चौक तक प्रायोगिक ईआरटीएस सेवा, नई 'पे एंड पार्क नीति, अप्पू घर पार्क के ठेके को 15 साल का विस्तार और तलवडे-निगडी सड़क हेतु रक्षा भूमि अधिग्रहण जैसे बड़े प्रस्तावों पर भी मुहर लगने की संभावना है।