

Pune Division Municipal Council News: पुणे के बारामती नगर परिषद ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के प्रभावी कार्यान्वयन में पूरे पुणे मंडल में पहला स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस योजना के अंतर्गत मंडल में सर्वाधिक 395 मकानों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। नगर परिषद प्रशासन द्वारा अब तक पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से कुल 388 लाख रुपये की अनुदान राशि सफलता पूर्वक वितरित की जा चुकी है।
महाराष्ट्र सरकार के 15 अक्टूबर 2024 के निर्णय के अनुसार इस योजना को पूरे राज्य में लागू किया जा रहा है। बारामती नगर परिषद क्षेत्र में पात्र लाभार्थियों को मकान निर्माण के विभिन्न चरणों के आधार पर अनुदान राशि दी जा रही है। योजना के तहत प्रत्येक मकान के लिए 2.50 लाख रुपये का अनुदान निधर्धारित है। इसमें केंद्र सरकार का अंश 1.50 लाख रुपये तथा राज्य सरकार का अंश 1.00 लाख रुपये शामिल है।
शहर के प्रत्येक जरूरतमंद नागरिक को पक्का मकान उपलब्ध कराना और बारामती को झोपड़पट्टी मुक्त बनाना पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय अजीत पवार का मुख्य लक्ष्य था।
इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए नगर परिषद की ओर से आवास योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचा रहा है।
ऑनलाइन स्नैप पोर्टल के माध्यम से मंजूर मकानों के लिए अब तक कुल 388 लाख रुपये वितरित किए जा चुके है। पहले चरण में 208 लाभार्थियों को तथा दूसरे चरण में 180 लाभार्थियों को 1-1 लाख रुपये की सहायता दी गई है। प्रत्येक किस्त में केंद्र का हिस्सा 60 हजार रुपये और राज्य का हिस्स्स 40 हजार रुपये है। इसके अलावा 28 जुलाई 2026 को 28 नए मकानों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
नगर परिषद द्वारा रमाई आवास योजना (शहरी) के तहत वर्ष 2025-26 के लिए 24 लाभार्थियों को स्वीकृति दी गई है। इनमें से 12 लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में कुल 12 लाख रुपये दिए गए है। वहीं 6 लाभार्थियों को दूसरी किस्त के रूप में कुल 6 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। नगर परिषद प्रशासन निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
बारामती शहर के हर जरूरतमंद परिवार को अपना पक्का मकान मिले और शहर झोपड़पट्टी मुक्त बने, यह स्वर्गीय उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का सपना था। इस सपने को पूरा करने के लिए बारामती नगर परिषद निरंतर प्रयासरत है। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के मार्गदर्शन योजना का कार्यान्वयन तेजी से किया जा रहा है। पुणे मंडल में पहला स्थान मिलना हमारे लिए प्रेरणादायक है।
- बारामती नगर परिषद अध्यक्ष- सचिन सातव
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन, प्रस्ताव भेजने, स्वीकृति और अनुदान वितरण की प्रक्रिया पूरी योजनाबद्ध तरीके से चलाई जा रही है। स्वीकृत मकानों का निर्माण समय पर पूरा हो और लाभार्थियों को किस्तें समय पर मिलें, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
-बारामती नगर परिषद के मुख्य अधिकारी- पंकज भुसे